बिहार के गोपालगंज में एक महिला पर अचानक जहरीले सांप ने हमला कर दिया जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। घटना गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र के झौन्सी टोला मलिकाना गांव की है जहां 40 वर्षीय मंजू देवी खेत से आलू लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक जहरीले सांप रसेल वाइपर ने उसे डस लिया। सांप के डसते ही महिला मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला को अचेत अवस्था में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनके इलाज में जुटी हुई है। फिलहाल महिला की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
हैरानी की बात तब सामने आई जब परिजन सांप को भी एक प्लास्टिक बोरे में बंद कर अस्पताल लेकर पहुंच गए। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से कहा, ‘इस सांप ने डस लिया है डॉक्टर साहब।’ उनका मानना था कि सांप को देखकर इलाज में मदद मिलेगी। लेकिन जैसे ही अस्पताल परिसर में सांप को बाहर निकाला गया, वहां मौजूद मरीजों और परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूरा माहौल दहशत में बदल गया।
रेस्क्यू के लिए पहुंचे एक्सपर्ट डॉ. जम्सेर ने बताया कि यह सांप रसेल वाइपर है जो भारत के सबसे खतरनाक और जहरीले सांपों में गिना जाता है। उन्होंने बताया कि इसका जहर खून को प्रभावित करता है, शरीर के अंदर ब्लीडिंग शुरू हो सकती है। अंग फेल होने का खतरा बढ़ जाता है और समय पर इलाज न मिले तो जान भी जा सकती है। यह सांप खेतों, झाड़ियों और गांव के आसपास अक्सर पाया जाता है। खतरा महसूस होने पर यह बेहद आक्रामक हो जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, रसेल वाइपर एक बार में 30–40 बच्चों को जन्म देता है, जो जन्म से ही विषैले होते हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम महिला को बचाने की हरसंभव कोशिश में जुटी हुई है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसी घटनाएं एक बार फिर यह याद दिलाती हैं कि सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।





