Wednesday, April 15, 2026
Viral

बिहार में खूनी रफ्तार! FCI के ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, तीन भाईयों की मौत


कटिहार: बिहार के कटिहार में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां ट्रक की चपेट में आने से तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना मंगलवार की शाम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रोजीतपुर बाईपास के समीप की है. इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर: घटनास्थल पर पहुंची पुलिस के अनुसार, भारतीय खाद्य निगम (FCI) का एक खाली ट्रक गलत दिशा से आ रहा था. इसी दौरान मनिहारी से कटिहार की ओर जा रहे बाइक सवार युवकों को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और बाइक के परखच्चे उड़ गए.

तीनों मृतक थे चचेरे भाई: मृतकों की पहचान नितेश कुमार उरांव, राजीव कुमार और राहुल के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरे भाई थे. इस हादसे ने एक ही परिवार के कई घरों में मातम फैला दिया है. परिजन रंजीत कुमार ने बताया कि राहुल घटना वाले दिन ही गुजरात से घर लौटा था. वह अपने दोनों भाइयों को कटिहार स्टेशन छोड़ने जा रहा था, जहां से वे मजदूरी के लिए बाहर जाने वाले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. घर से निकले तीनों युवक कभी वापस नहीं लौट सके.

“मंगलवार को ही राहुल गुजरात से लौटा था. शाम को वह अपने दोनों भाइयों को स्टेशन छोड़ने जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. इस दुर्घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.” – रंजीत कुमार, परिजन

लोगों का फूटा गुस्सा: हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत कराने की कोशिश में जुट गया. सदर डीएसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया.

“घटनास्थल पर मौजूद सदर डीएसपी अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के गलत दिशा से आने की बात सामने आई है. टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. तीनों युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.” -अभिजीत कुमार सिंह, डीएसपी, कटिहार सदर

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply