Tirupati Temple Donation: आंध्र प्रदेश के तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर को चेन्नई के जैन दंपती वर्धमान और राधिका जैन ने करीब 208 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण दान किए। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में दंपती ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम को यह भेंट सौंपी। इसमें 121 किलो सोने के आभूषण और 238.2 कैरेट हीरे शामिल हैं।

नौ सेट में 46 आभूषण, मुकुट भी शामिल
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, दान में नौ सेटों के कुल 46 आभूषण हैं। इनमें भगवान वेंकटेश्वर का मुकुट , ‘पद्म पादालु’ यानी पैरों के आभूषण और रत्नजड़ित गहने शामिल हैं। इसके अलावा सोने के बाघ के नाखून, अलगअलग डिजाइन की चेन और कीमती रत्न भी भेंट किए गए हैं। कुल आभूषणों में से 106 किलो सोना भगवान वेंकटेश्वर के लिए और 15 किलो के आभूषण व पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को दिए गए हैं।
चंद्रबाबू नायडू बोले तिरुमाला में अभूतपूर्व घटना
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जैन दंपती का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तिरुमाला में अभूतपूर्व घटना हुई है और वे इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनकर खुद को भाग्यशाली मानते हैं। सीएम नायडू के मुताबिक, भगवान वेंकटेश्वर को रोज करीब 120 किलो सोने के आभूषणों से सजाया जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति भक्तों की श्रद्धा सदियों से बनी हुई है।
कृष्णदेवराय समेत कई राजाओं ने भी दिए गहने
मुख्यमंत्री नायडू ने बताया कि पल्लव, चेर, चोल और पांड्य राजाओं ने मंदिर के विकास में योगदान दिया था। मैसूर और मराठा राजाओं ने भी आभूषण भेंट किए थे। विजयनगर साम्राज्य के राजा श्री कृष्णदेवराय ने भगवान वेंकटेश्वर को रत्नों से जड़ा मुकुट ‘रत्न कीरीटम’ और ‘पीतांबरम’ समेत कई आभूषण दान किए थे।
5 हजार मंदिर बनाने और गोवंश की सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने TTD को पारदर्शी संस्था बताते हुए मंदिर की पवित्रता और गोवंश की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि TTD की मदद से 5,000 मंदिर बनाए जाएंगे। साथ ही मंदिरों में भक्तों के लिए अन्न प्रसादम यानी मुफ्त भोजन की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। उन्होंने विदेशों में हिंदू आबादी वाले क्षेत्रों में मंदिर बनाने और भक्तों से TTD को अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग देने की अपील भी की।