मार्केट रेगुलेटर सेबी ने बुधवार को निवेशकों के लिए खाता खोलने की प्रक्रिया आसान बनाने और अलगअलग मार्केट मिडिएटर्स के पास बारबार डॉक्युमेंट्स जमा करने की जरूरत कम करने के लिए केवाईसी व्यवस्था में कई बदलाव किए. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड ने एक सर्कूलर में कहा कि विभिन्न मार्केट मिडिएटर्स के लिए समान पूरक ग्राहक जानकारी अब केवाईसी रजिस्ट्रेशन एजेंसी के लेवल पर सेंट्रलाइज की जाएगी. इससे निवेशकों को अलगअलग मध्यस्थों के पास खाता खोलते समय समान जानकारी दोबारा नहीं देनी होगी. इसके तहत खाता खोलने के फॉर्म के दूसरे हिस्से में दी जाने वाली कुछ पूरक जानकारियां सेंट्रलाइज की जाएंगी. कैपिटल मार्केट के मध्यस्थों की श्रेणी में शेयर ब्रोकर, म्यूचुअल फंड कंपनियां और निवेशकों को बाजार से जुड़ी सेवाएं देने वाली अन्य संस्थाएं आती हैं.

आसान होगा प्रोसेस
सेबी ने मध्यस्थों को केंद्रीय केवाईसी पहचान संख्या , उपलब्ध होने पर डिजिटल पोस्टल इंडेक्स नंबर और आधिकारिक रूप से वैध दस्तावेजों की समाप्ति तिथि जैसी अतिरिक्त जानकारी भी केआरए प्रणाली पर अपलोड करने को कहा है. रेगुलेटर ने कहा कि बाजार मध्यस्थों को केआरए और केंद्रीय केवाईसी रिकॉर्ड रजिस्ट्री से जानकारी मिलने पर ग्राहकों के केवाईसी रिकॉर्ड अपडेट करने होंगे. इससे दोबारा जानकारी जुटाने की जरूरत कम होगी और नए ग्राहक जोड़ने की प्रक्रिया आसान बनेगी. सेबी ने यह भी कहा कि यदि केआरए प्रणाली में उपलब्ध ग्राहक का मोबाइल नंबर पहले से वेरिफाई है और आधार से जुड़ा हुआ दर्ज है, तो मध्यस्थ के लिए उसका दोबारा वेरिफिकेशन करना वैकल्पिक होगा.
ये हुए बदलाव
निवेशकों के खाते बंद होने पर भी सेबी ने समयसीमा तय की है. म्यूचुअल फंड को छोड़कर अन्य मध्यस्थों को खाता बंद होने की सूचना पांच कार्यदिवस के भीतर केआरए को देनी होगी. इसके बाद केआरए को दो कार्यदिवस के भीतर संबंधित केवाईसी रिकॉर्ड अपडेट या अलग करना होगा. सेबी ने कहा कि इन बदलावों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों की जानकारी केवल उन्हीं मध्यस्थों के साथ साझा हो, जिनके साथ उनका सक्रिय खाता संबंध है. सर्कूलर के प्रावधान 24 दिसंबर से लागू होंगे. केआरए को इनके क्रियान्वयन के लिए 30 दिन के भीतर मानक संचालन प्रक्रिया जारी करनी होगी.