बुधवार, 25 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
Deandra Dottin बिना गेंद खेले आउट फिर भी WBBL मैच जीती Melbourne Renegades​ | क्या टूट जाएगी बातचीत? SP के उम्मीदवारों के ऐलान से बिगड़ी बात, कांग्रेस संग तीसरी बैठक पर मंडराए संकट के बादल​ | Durban Super Giants ने Kane Williamson को नियुक्त किया Head Coach, SA20 में संभालेंगे टीम​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Viral

दिल्ली को अगले साल मिलेंगे 1815 बेड वाले दो नए अस्पताल, इन जगहों पर शुरू होंगी स्वास्थ्य सेवाएं​

दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने के लिए सरकार बड़े स्तर पर अस्पतालों के निर्माण और मौजूदा चिकित्सा संस्थानों के विस्तार में जुटी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि अगले वर्ष सिरसपुर और हस्तसाल में दो बड़े अस्पताल शुरू हो जाएंगे. इन दोनों अस्पतालों में कुल 1,815 बेड की सुविधा होगी. […]

दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने के लिए सरकार बड़े स्तर पर अस्पतालों के निर्माण और मौजूदा चिकित्सा संस्थानों के विस्तार में जुटी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि अगले वर्ष सिरसपुर और हस्तसाल में दो बड़े अस्पताल शुरू हो जाएंगे. इन दोनों अस्पतालों में कुल 1,815 बेड की सुविधा होगी. इससे राजधानी में मरीजों को इलाज के लिए अतिरिक्त बेड मिलेंगे और मौजूदा अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि स्वास्थ्य परियोजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

सिरसपुर अस्पताल तैयार, उपकरणों की खरीद अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री के मुताबिक, सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है. फिलहाल यहां चिकित्सा उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया चल रही है, जिसे जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, हस्तसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण लगभग पूरा होने वाला है. दोनों अस्पताल अगले साल शुरू करने की तैयारी है.

इन अस्पतालों के शुरू होने से सिरसपुर, हस्तसाल और आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिलने से मरीजों को दूसरे बड़े अस्पतालों के चक्कर भी कम लगाने पड़ेंगे.

अगले महीने खुलेंगे 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर

सरकार अस्पतालों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत करने की तैयारी कर रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में कुल 1,139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 415 केंद्र फिलहाल संचालित हैं. अगले महीने 40 नए केंद्र शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. इन्हें पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 102वीं जयंती के अवसर पर खोलने की तैयारी है.

इसके अलावा जिन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मरीजों की संख्या अधिक है, वहां दो पारियों में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई जा रही है. इससे लोगों को अपने घर के नजदीक ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा.

मादीपुर और ज्वालापुरी में 2028 तक बनेंगे बड़े अस्पताल

दिल्ली सरकार मादीपुर और ज्वालापुरी में भी 691691 बेड के दो अस्पताल बना रही है. दोनों अस्पतालों के निर्माण की समय सीमा वर्ष 2028 तय की गई है. मादीपुर अस्पताल पर 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल पर 484.04 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं.

इसके साथ ही मौजूदा अस्पतालों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है. रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक बनाया जा रहा है. इसका OPD ब्लॉक उद्घाटन के लिए तैयार है. वहीं, राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बेड और खिचड़ीपुर के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में 460 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक लगभग पूरा हो चुका है. इन्हें भी जल्द शुरू करने की तैयारी है.

LNJP अस्पताल का होगा पुनर्विकास

राजधानी के बड़े चिकित्सा संस्थानों को भी आधुनिक बनाने की योजना है. इसके तहत लोकनायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास पर काम किया जा रहा है. इस परियोजना के लिए योजना और निर्माण सहित करीब 30 महीने की अवधि निर्धारित की गई है.

वहीं, यमुनापार में GTB अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और IHBAS को एक साझा संस्थागत ढांचे के तहत लाने की प्रक्रिया चल रही है. सरकार का उद्देश्य इन संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना है.

मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी MBBS की सीटें

दिल्ली में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने और चिकित्सा शिक्षा को विस्तार देने के लिए भी कई योजनाएं बनाई गई हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है. दोनों मेडिकल कॉलेजों में 150150 MBBS सीटें प्रस्तावित हैं.

इसके अलावा बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज में MBBS सीटों की संख्या 125 से बढ़ाकर 200 और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 70 करने की प्रक्रिया चल रही है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. इसके लिए नए अस्पताल बनाने के साथ आधुनिक उपकरण, पर्याप्त डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि अस्पतालों के निर्माण, चिकित्सा उपकरणों की खरीद और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है. संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सभी कार्य समय पर पूरे कराने का प्रयास किया जा रहा है.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY