दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में बड़ा अपडेट आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी नबील जेब में चाकू लेकर आया था. इनपुट के मुताबिक नबील ने पुलिसकर्मियों पर जिस तरह से हमला किया, वह पैटर्न पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्ठी के ग्रुप से मिलता जुलता है. पुलिस इस हमले को एक तरह से टेरर फैलाने की कोशिश मान रही है.

पुलिस के मुताबिक अभी नबील की सर्जरी हुई है और वह अस्पताल में है. होश में आने पर आईबी समेत अन्य सेंट्रल एजेंसियां ज्वाइंट इंटेरोगेशन करेंगी. पुलिस के मुताबिक अलग अलग राज्यों में इस तरह के कुछ हमले पूर्व में शहजाद भट्टी ने कराए हैं. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इस हमले के पीछे भी शहजाद भट्टी या उससे जुड़े किसी गैंग का हाथ हो सकता है.
धार्मिक किताबें छापता था नबील
पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में नबील का कोई सोशल मीडिया एकाउंट नहीं मिला है. जांच में पता चला है कि वह अपने पिता के साथ धार्मिक किताबें छापने का काम करता था.पुलिस अब पता करने की कोशिश कर रही है कि कहीं ये धार्मिक किताबें या ऐसा मैटीरियल इंटरनेट पर तो नहीं डाला जाता. पुलिस के मुताबिक नबील अपने पिता के अलावा मां और बहन के साथ भी मारपीट करता था. हालांकि कुछ समय पहले ही इसके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी.
पॉकेट मनी के लिए करता था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक घर वाले इसे पॉकेट मनी के तौर पर रोज 200 रुपए देते थे. रुपये ना मिलने पर यह झगड़े करता था. जांच में ये भी पता लगा है कि ये नशा करता था. अब पुलिस नबील से जुड़े हर संभावित एंगल से मामले की जांच में जुट गई है. वहीं आगे की पूछताछ के लिए अस्पताल में उसे होश में आने का इंतजार किया जा रहा है.
यह है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक सोमवार की दोपहर करीब 02.30 बजे नबील थाने में घुसा और दरवाजे में धक्का मारकर एंट्री किया. पहले वह रिसेप्शन पर चिल्लाते हुए बोला कि उसे किसने बुलाया. फिर उसने कुर्सी पर बैठे सब इंस्पेक्टर अरविंद के गले पर चाकू से अटैक किया. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने उनके ऊपर भी हमला किया. इसके बाद वह अंदर लॉकअप एरिया में गया और वापस लौटा. इतने में पुलिसकर्मियों ने लाठी से रोकने की कोशिश की. हालांकि कद काठी से तगड़ा आरोपी दरवाजे को तोड़ते हुए बाहर निकल गया.