मंगलवार, 24 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
रामगोपाल यादव ने कही 26 सीट देने की बात तो आराधान मिश्रा मोना बोलीं- मुझे इसकी जानकारी नहीं​ | Jensen Huang Red Bra: हाथ में लाल ब्रा, चेहरे पर खून और Nvidia का झंडा… ट्रंप ने शेयर की जेनसन हुआंग की तस्वीर​ | Honda CB5000 भारत में लॉन्च, 501cc इंजन के साथ तीन वेरिएंट में हुई पेश, जानिए कितनी है कीमत​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Viral

यूपी चुनाव से पहले BJP नेताओं की अग्निपरीक्षा, टिकट के लिए बनेगा रिपोर्ट कार्ड​

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बार पार्टी का फोकस सिर्फ जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों पर नहीं, बल्कि संगठन की जमीनी सक्रियता, विधायकों के प्रदर्शन और महिला वोटरों को अपने साथ जोड़ने पर भी है. लखनऊ में हुई बीजेपी की […]

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बार पार्टी का फोकस सिर्फ जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों पर नहीं, बल्कि संगठन की जमीनी सक्रियता, विधायकों के प्रदर्शन और महिला वोटरों को अपने साथ जोड़ने पर भी है. लखनऊ में हुई बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने निष्क्रिय नेताओं और संगठनात्मक कामकाज में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया.

बैठक से साफ संदेश दिया गया कि 2027 में सिर्फ पद और राजनीतिक रसूख के दम पर टिकट की दावेदारी नहीं चलेगी. पार्टी में उन्हीं नेताओं को प्राथमिकता मिल सकती है, जो जमीन पर काम करते दिखाई देंगे. बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR अभियान में नेताओं और पदाधिकारियों की सक्रियता की समीक्षा की गई. सूत्रों के मुताबिक, अभियान में अपेक्षित भागीदारी नहीं दिखने पर विनोद तावड़े ने नाराजगी जताई.

महिला वोटरों पर खास फोकस

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि चुनाव से पहले संगठन के हर अभियान में नेताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. केवल बैठकों और कागजी रिपोर्ट में सक्रियता दिखाने से चुनावी लक्ष्य हासिल नहीं होंगे. बीजेपी की 2027 की चुनावी रणनीति में महिला मतदाताओं को खास जगह दी जा रही है. पार्टी का मानना है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, मतदाता सूची में उनके नाम जुड़वाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने से चुनावी आधार मजबूत किया जा सकता है.

इसी रणनीति के तहत महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और प्रवासी बहनों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है. पार्टी चाहती है कि महिला मतदाताओं के बीच सरकार की योजनाओं का संदेश पहुंचे और वे संगठन के साथ भी सक्रिय रूप से जुड़ें.

बीजेपी के रणनीतिकारों की नजर इस बात पर भी है कि महिला वोटरों को लेकर विपक्ष की राजनीतिक रणनीति का मुकाबला कैसे किया जाए. इसके लिए महिला लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच, नए महिला मतदाताओं का पंजीकरण और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता को चुनावी अभियान का अहम हिस्सा बनाया जा सकता है.

विधायकों का बनेगा रिपोर्ट कार्ड

कोर कमेटी की बैठक में मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को लेकर भी अहम चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, जिन विधायकों का कामकाज संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी. विनोद तावड़े की सख्ती को टिकट वितरण से पहले नेताओं की स्क्रीनिंग के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी संगठन के कार्यक्रमों में भागीदारी, क्षेत्र में जनता के बीच पकड़, कार्यकर्ताओं से संवाद और बूथ स्तर पर सक्रियता के आधार पर नेताओं के कामकाज को परखने की तैयारी में है. ऐसे में मौजूदा विधायकों के साथ पूर्व विधायकों और टिकट के दूसरे दावेदारों को भी अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी.

जिलाधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR अभियान को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई. मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने के अभियान के लिए जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय की गई है. उन्हें हर दिन प्रदेश मुख्यालय को रिपोर्ट भेजनी होगी. मुख्यालय स्तर पर इन रिपोर्टों की निगरानी और समीक्षा की जाएगी. बैठक में पंचायत और निकाय चुनाव की मतदाता सूचियों का विधानसभा मतदाता सूची से मिलान करने का मुद्दा भी उठा.

मतदाता सूची में गलत नाम या किसी अन्य तरह की गड़बड़ी का प्रमाण मिलने पर संबंधित जिलाधिकारी की जवाबदेही तय कराने की बात कही गई. पार्टी की ओर से जोर दिया जा रहा है कि नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ मतदाता सूची में मौजूद गड़बड़ियों पर भी नजर रखी जाए.

हारी हुई सीटों पर विशेष रणनीति

बीजेपी ने पिछले चुनाव में हारी हुई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर भी विशेष फोकस करने की रणनीति बनाई है. इन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर रहेगा. बैठक में यह भी चर्चा हुई कि पार्टी विपक्ष के एजेंडे में उलझने के बजाय अपने काम और सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाए. इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दूसरे बड़े केंद्रीय नेताओं के उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर भी मंथन हुआ.

कोर कमेटी की बैठक में शामिल रहे BJP के दिग्गज नेता

लखनऊ में हुई कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY