संजय लीला भंसाली की आने वाली फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। इस फिल्म में पहली बार रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट एक साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे। कुछ समय पहले फिल्म के पोस्टर जारी किए गए थे, जिसके बाद से ही फैंस इसके ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, संजय लीला भंसाली ने ट्रेलर से पहले फिल्म का एक गाना रिलीज करने की तैयारी की है। बताया जा रहा है कि यह गाना काफी जोशीला होगा और इसे मशहूर गायिका सुनीधि चौहान ने अपनी आवाज दी है।

ट्रेलर से पहले रिलीज होगा ‘लव मी लाइक अ डॉग’
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, संजय लीला भंसाली फिल्म ‘लव एंड वॉर’ का ट्रेलर जारी करने से पहले इसका गाना ‘लव मी लाइक अ डॉग’ रिलीज करेंगे। इस गाने को सुनीधि चौहान ने गाया है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म के संगीत का सबसे अहम गाना होगा। मेकर्स इसी गाने के साथ फिल्म के संगीत को दर्शकों के सामने लाने की शुरुआत करेंगे। गाने को सुनीधि चौहान की दमदार आवाज और एनर्जी से सजाया गया है। ऐसे में उम्मीद है कि यह गाना दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर सकता है।
पहले भी ऐसा कर चुके हैं संजय लीला भंसाली
यह पहली बार नहीं है जब संजय लीला भंसाली ने अपनी फिल्म के ट्रेलर से पहले गाना रिलीज करने का फैसला लिया है। यह उनके प्रचार का एक खास तरीका रहा है। वह अपनी बड़ी फिल्मों के दौरान पहले गाने रिलीज करते हैं, ताकि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर माहौल बन सके। इसके बाद ट्रेलर और फिल्म के संवाद सामने लाए जाते हैं।
‘लव एंड वॉर’ के लिए भी मेकर्स इसी तरीके को अपना सकते हैं। यह फिल्म 2027 की बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट को एक साथ देखने के लिए दर्शक पहले से ही उत्साहित हैं।