Bengal Unemployment Allowance: पश्चिम बंगाल में बेरोजगार युवाओं को हर महीने आर्थिक मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने ‘भरोसा कर्मसूची’ योजना के तहत यह राशि सरकारी वोकेशनल संस्थानों और ITIs से पढ़े युवाओं को मिलेगी। ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को ₹2,000 और नॉनग्रेजुएट युवाओं को ₹1,500 महीना देने का फैसला किया है। योजना जनवरी से लागू करने की तैयारी है। इसके तहत 21 से 45 साल तक के युवा लाभ ले सकेंगे। 202829 वित्त वर्ष से ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों का भत्ता बढ़ाकर ₹3,000 और नॉनग्रेजुएट का ₹2,000 कर दिया जाएगा।

ग्रेजुएट और डिप्लोमा वालों को कितने पैसे?
भरोसा कर्मसूची के तहत सरकारी वोकेशनल संस्थानों और ITI से पढ़ाई करने वाले डिप्लोमा धारकों के साथ ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने ₹2,000 मिलेंगे। वहीं, नॉनग्रेजुएट युवाओं को ₹1,500 महीने दिए जाएंगे। सरकार ने फिलहाल यही राशि तय की है। 202829 के वित्त वर्ष से इसमें बढ़ोतरी की जाएगी।
‘युवासाथी’ की जगह शुरू होगी योजना
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि नई योजना पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘युवासाथी’ योजना की जगह शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पर कई वित्तीय जिम्मेदारियां हैं। डीए और बकाया राशि का भुगतान करने के साथ युवाओं से किए गए वादे भी पूरे किए जाएंगे।
54 लाख युवाओं को फायदा
मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछली योजना के 54 लाख मौजूदा लाभार्थियों का वेरिफिकेशन 31 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। जिन युवाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे ‘आपनार सरकार आपनार पासे’ कार्यक्रम के जरिए आवेदन जमा कर सकेंगे। इन आवेदनों को युवा कल्याण विभाग के पास भेजा जाएगा।
बैंक खाते में कब आएंगे पैसे?
योजना के तहत भत्ते की राशि हर महीने दूसरे सप्ताह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। योजना की औपचारिक शुरुआत फरवरी में होने वाले कार्यक्रम में की जाएगी। सरकार ने जनवरी से योजना लागू करने की बात कही है।
योजना की पात्रता और जरूरी शर्तें
इस योजना का लाभ लेने के लिए उम्मीदवार की उम्र 21 से 45 साल के बीच होनी चाहिए। एक परिवार से अधिकतम दो लोग ही इसके लाभार्थी बन सकते हैं। वहीं, अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने ₹3,000 पाने वाले लोग इस बेरोजगारी भत्ते के पात्र नहीं होंगे।