: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उतरौलाबलरामपुर मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के सामने हुआ, जहां दो बाइकों की आमनेसामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई।

आमनेसामने भिड़ीं दोनों बाइकें
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात अक्सी बड़हरा गांव के सामने दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में बाइक सवार सात युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया गया।
मृतकों में 17 से 23 साल के युवक शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहम्मद फारूक और सलीम , निवासी गौरियनडीह, गुफरान , निवासी बरदही बाजार, उतरौला, तौफीक , निवासी छपरतलवा, श्रीदत्तगंज और फजल मोहम्मद , निवासी चंदापुर चिताही, श्रीदत्तगंज के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में मुज्जमिल और नाहिद रजा , दोनों निवासी बड़हरा कोट गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया गया।
पैदल जा रहे लोगों को बचाने के चक्कर में हादसे की आशंका
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मौके पर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकें मिली हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि सड़क पर पैदल जा रहे कुछ लोगों को बचाने की कोशिश में दोनों बाइकें आमनेसामने टकरा गईं। इसके अलावा कोहरा भी हादसे की एक वजह हो सकता है।
ये भी पढ़ें:
पांच युवकों को मृत अवस्था में लाया गया अस्पताल
सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि अस्पताल में पांच युवकों को मृत अवस्था में लाया गया था। वहीं, दो घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर भेज दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एक साथ पांच युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें: