सोने में मिलावट के लिए रेनियम जैसी दुर्लभ धातु का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आने के बाद यह चर्चा में है. लेकिन इस धातु का इस्तेमाल सिर्फ सोने में मिलावट तक सीमित नहीं है. रेनियम का उपयोग हवाई जहाज के जेट इंजन, गैस टर्बाइन और पेट्रोलियम रिफाइनरी जैसे कई अहम उद्योगों में भी होता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत बेहद ज्यादा तापमान सहने की क्षमता और अधिक घनत्व है.

यही खूबियां रेनियम को इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए फिट बनाती हैं. मजेदार बात तो ये है कि यह सोने से भी दुर्लभ धातु है फिर भी रेनियम की कीमत सोने से काफी कम है. इसकी कीमत करीब ₹600700 प्रति ग्राम के आसपास बैठती है, जबकि सोने की कीमत 15000 प्रति ग्राम के करीब है.
कहांकहां होता है रेनियम इस्तेमाल?
रेनियम एक बेहद दुर्लभ धातु है. आवर्त सारणी में इसका परमाणु क्रमांक 75 है. इसका गलनांक करीब 3,186 डिग्री सेल्सियस है. इसका मतलब है कि यह बेहद ज्यादा तापमान पर भी आसानी से नहीं पिघलती. इसी खासियत के कारण इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल विमान के जेट इंजन और गैस टर्बाइन बनाने में किया जाता है.
आधुनिक जेट इंजन में इस्तेमाल होने वाले टर्बाइन ब्लेड को बहुत ज्यादा गर्मी और दबाव का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा पेट्रोलियम रिफाइनरी में भी रेनियम का इस्तेमाल होता है. प्लैटिनम और रेनियम से बने उत्प्रेरक की मदद से रिफाइनरी में बेहतर गुणवत्ता वाला पेट्रोल तैयार किया जाता है.
इतनी दुर्लभ क्यों है यह धातु?
रेनियम दुनिया की सबसे दुर्लभ धातुओं में से एक है. पृथ्वी की ऊपरी परत में इसकी औसत मात्रा करीब एक अरब हिस्सों में एक हिस्सा बताई गई है. इसकी तुलना में चांदी की मात्रा करीब 75 पीपीबी और सोने की मात्रा करीब 4 पीपीबी है. यह धातु आमतौर पर अलग से खदानों में नहीं मिलती. इसे मुख्य रूप से तांबे की खदानों से निकलने वाले मोलिब्डेनाइट अयस्क की प्रोसेसिंग से निकाला जाता है. दुनिया में इसका उत्पादन भी काफी सीमित है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हर साल दुनियाभर में करीब 50 से 60 टन रेनियम का उत्पादन होता है. चिली, अमेरिका, पोलैंड, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान इसके प्रमुख उत्पादक देशों में शामिल हैं.
नकली सोने में क्यों किया जा सकता है रेनियम का इस्तेमाल?
रेनियम का इस्तेमाल नकली सोना तैयार करने में किए जाने की चर्चा के पीछे इसकी कुछ खास खूबियां हैं. दरअसल, इसका घनत्व शुद्ध सोने से भी ज्यादा है. जहां शुद्ध सोने का घनत्व 19.32 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है, वहीं रेनियम का घनत्व 21.02 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है. ऐसे में दूसरी हल्की धातुओं के साथ इसका मिश्रण तैयार करके सोने के वजन और घनत्व के करीब पहुंचा जा सकता है. इससे नकली सोने की पहचान करना मुश्किल हो सकता है. इसकी एक और खासियत यह है कि यह नाइट्रिक एसिड जैसे सामान्य रसायनों के साथ प्रतिक्रिया नहीं करता है. इसलिए रेनियम मौजूद होने पर सामान्य एसिड टेस्ट में आसानी से मिलावटी सोने की रंग बदलने संभावना नहीं रहती. यही वजह है कि केवल वजन या सामान्य एसिड टेस्ट के आधार पर सोने की शुद्धता की पुष्टि करना जोखिम भरा हो सकता है.
कैसे पकड़ी जा सकती है सोने में रेनियम की मिलावट?
सोने में रेनियम जैसी दूसरी धातुओं की मिलावट का पता लगाने के लिए आधुनिक जांच तकनीक की जरूरत होती है. इसके लिए एक्सरे फ्लोरेसेंस तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है. इस तकनीक में सोने के नमूने पर एक्सरे डाली जाती हैं. इसके बाद उसमें मौजूद अलगअलग धातुओं की पहचान की जाती है. रेनियम की अपनी अलग एक्सरे पहचान होती है, जिसकी मदद से सोने में इसकी मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है. इस जांच की खास बात यह है कि इसमें सोने के गहने या धातु के नमूने को तोड़ने या नुकसान पहुंचाने की जरूरत नहीं होती.