: में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का गठन कर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनाने की कोशिश की है। मोर्चे ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है। नए मोर्चे की एंट्री के बाद अखिलेश यादव ने पहले इसका स्वागत किया, लेकिन बाद में ओवैसी और चंद्रशेखर को सियासत के सैलानी बताते हुए निशाना साधा। अखिलेश के इस हमले पर ओवैसी ने भी पलटवार किया। ऐसे में सवाल है कि क्या नया मोर्चा यूपी की चुनावी राजनीति में नया विकल्प बनेगा या फिर विपक्ष के वोटों का गणित बदलेगा ?

सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का ऐलान
यूपी की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले एक नए मोर्चे की एंट्री हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का ऐलान किया है। इस मोर्चे की नजर दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं पर है। गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान किया है, जबकि चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है।
अखिलेश यादव के तेवर बदले
नए मोर्चे की घोषणा के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसका स्वागत किया था। उन्होंने दावा किया कि इस मोर्चे से बीजेपी को दो से तीन फीसदी वोटों का नुकसान हो सकता है। लेकिन बाद में अखिलेश के तेवर बदलते नजर आए। उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘सियासत के सैलानी’ बताया और उनकी राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए।
अखिलेश Vs ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने भी अखिलेश यादव की PDA राजनीति और मुस्लिम समाज को मिलने वाली राजनीतिक हिस्सेदारी पर सवाल उठाए। अब दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई बयानबाजी ने यूपी की चुनावी राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है।
नए मोर्चे का चुनावी असर ?
राजनीतिक विश्लेषक राजीव रंजन का कहना है कि यूपी की राजनीति में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनीअपनी रणनीति बना रहे हैं। एक तरफ सपा PDA के जरिए सामाजिक गठजोड़ मजबूत करने की कोशिश में है, तो दूसरी तरफ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा दलितमुस्लिम राजनीतिक हिस्सेदारी को अपना मुद्दा बना रहा है। ऐसे में इस नए मोर्चे का चुनावी असर और इसके जरिए बनने वाले सामाजिक समीकरणों को समझना भी जरूरी है।
यूपी की सियासत में नई बहस
सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन ने यूपी की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। अखिलेश का ‘सियासी सैलानी’ वाला तंज, ओवैसी का पलटवार बता रहा है कि 2027 के चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि यह नया मोर्चा अपनी अलग राजनीतिक जमीन कितनी मजबूत कर पाता है और यूपी की चुनावी राजनीति को किस तरह प्रभावित करता है।