: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का दिवाली पर दीये और मोमबत्तियां जलाने को लेकर दिया गया बयान एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनका एक पुराना वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें वह दिवाली की रोशनी की तुलना क्रिसमस की सजावट से करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई है। कुछ लोग उनके बयान का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ यूजर्स इसे धार्मिक परंपराओं से जोड़कर आलोचना कर रहे हैं।

Hindus should learn from Christmas and stop lighting lamps, candles, etc. It’s a waste of money. Why spend money again and again on “oil lamps and candles”? pic.twitter.com/Niw8jiOUEo
— Megh Updates 🚨™ November 8, 2026
क्रिसमस का उदाहरण देकर क्या बोले थे अखिलेश?
दरअसल, यह मामला अक्टूबर 2025 का है। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव से अयोध्या के दीपोत्सव को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने भगवान श्रीराम का नाम लेते हुए क्रिसमस का उदाहरण दिया था। अखिलेश ने कहा था कि दुनिया भर में क्रिसमस के दौरान शहर रोशनी से जगमगा उठते हैं और यह सिलसिला महीनों तक चलता है। हमें उनसे सीखना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया था कि बारबार दीये और मोमबत्तियों पर पैसा खर्च करने की जरूरत क्यों है?
सरकार बदलने पर बेहतर लाइटिंग का दिया था सुझाव
अखिलेश यादव ने अपने बयान में तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मौजूदा सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है। इसे हटाना चाहिए। उन्होंने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर अयोध्या में बेहद सुंदर रोशनी की व्यवस्था कराई जाएगी। उनका यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
सोशल मीडिया पर फिर शुरू हुई बहस
अब दिवाली के मौके पर अखिलेश यादव का यही पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा शेयर किया जा रहा है। एक यूजर ने इसे साझा करते हुए दावा किया कि हिंदुओं को क्रिसमस से सीख लेकर दीये और मोमबत्तियां जलाना बंद कर देना चाहिए, क्योंकि इसमें बारबार पैसा खर्च होता है। वहीं, दूसरे यूजर्स ने व्यंग्यात्मक अंदाज में इस बयान पर प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर दीये जलाने की परंपरा, खर्च और धार्मिक उत्सवों को लेकर बहस देखने को मिल रही है।
बीजेपी ने भी जताई थी आपत्ति
अखिलेश यादव के इस बयान पर अक्टूबर 2025 में बीजेपी नेताओं ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया था कि दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने से कुम्हारों और उनसे जुड़े छोटे कारोबारियों को रोजगार मिलता है। ऐसे में दीयों पर खर्च को अनावश्यक बताना स्थानीय कारीगरों की आजीविका के लिहाज से भी उचित नहीं है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो नया नहीं, बल्कि पिछले साल दिए गए बयान का है।