Surat Murder Case: गुजरात के सूरत में मोबाइल पर गेम खेलने से रोकने पर 22 साल की बेटी ने अपने 55 साल के पिता की हत्या कर दी। पिता ने गुस्से में बेटी का मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया था। इससे नाराज होकर बेटी ने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से हमला किया और फिर चाकू से कई वार कर दिए। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।

मां ने की थी बेटी की शिकायत
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना सूरत के कोसाड इलाके की है। रविवार को 55 साल के रमेश चौहान काम से घर लौटे थे। उनकी पत्नी मंजू ने शिकायत की कि बेटी काजल दिनभर मोबाइल पर गेम खेलती रहती है और घर के कामकाज में मदद नहीं करती। इसके बाद रमेश ने काजल से मोबाइल अलग रखकर घरेलू काम में मदद करने को कहा। जब उसने बात नहीं मानी, तो गुस्से में रमेश ने उसके हाथ से मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे फोन टूट गया।
कुकर के ढक्कन से सिर पर किया वार
मोबाइल टूटने से काजल गुस्से में आ गई। उसने किचन के स्लैब पर रखा प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और पिता के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने चाकू उठाकर रमेश पर कई वार किए। पिता की चीख सुनकर मंजू किचन में पहुंचीं। वहां उन्होंने रमेश को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। उनके सिर और पेट से खून बह रहा था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन घायल रमेश को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पत्नी मंजू की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। रविवार देर रात ही आरोपी काजल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस इंस्पेक्टर जे.बी. वानर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मोबाइल गेमिंग को लेकर हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पिता की हत्या हो गई।
ये खबर भी पढ़ें:
पुलिस जांच में सामने आई ये बात
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि काजल के जैविक पिता की कुछ साल पहले सौराष्ट्र में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां सूरत आ गई थी और उसने रमेश चौहान से शादी कर ली थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।