उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. पार्टी उन विधानसभा सीटों का आकलन कर रही है, जहां से वह चुनाव लड़ सकती है. इसके साथ ही JDU उत्तर प्रदेश में NDA के घटक दल के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने की संभावनाएं भी तलाश रही है. पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने सोमवार को इसकी जानकारी दी.

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि JDU पहले भी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ चुकी है और पार्टी के उम्मीदवार विधानसभा तक पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार से बाहर दूसरे राज्यों में भी पार्टी लंबे समय से काम कर रही है और उसका संगठनात्मक ढांचा अच्छा है. पार्टी कार्यकर्ता काफी समय से उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं. इसी को देखते हुए उन विधानसभा क्षेत्रों का आकलन किया जा रहा है, जहां JDU बेहतर प्रदर्शन कर सकती है. सीटों को लेकर अंतिम फैसला इस आकलन के बाद लिया जाएगा.
NDA के साथ चुनाव लड़ने पर ज्यादा जोर
उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के सवाल पर JDU प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि पार्टी NDA के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर ज्यादा विचार कर रही है. उन्होंने कहा, ‘NDA के साथ संभावनाएं तलाशने पर ज्यादा विचार किया जा रहा है.’ JDU केंद्र और बिहार में BJP के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन की प्रमुख सहयोगी है. ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन के घटक दल के तौर पर चुनाव लड़ने की उसकी कोशिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है. हालांकि, पार्टी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि वह कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है.
वाराणसी में कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद तेज हुई चर्चा
JDU की उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारी को लेकर यह बयान वाराणसी में पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के एक दिन बाद आया है. रविवार को आयोजित इस सम्मेलन में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के साथ पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा भी शामिल हुए थे.
सम्मेलन के दौरान निशांत कुमार ने कहा था कि JDU उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है. पार्टी की कोशिश है कि वह NDA के घटक दल के रूप में चुनाव लड़े. उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य नीतीश कुमार की विचारधारा और उनकी नीतियों को आगे बढ़ाना है. निशांत कुमार के मुताबिक, बिहार में नीतीश कुमार ने विकास का जो मॉडल स्थापित किया है, उसे दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की जरूरत है.
निशांत कुमार के नेतृत्व में यूपी में विस्तार का दावा
JDU ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर अपना रुख साफ किया. पार्टी ने कहा कि निशांत कुमार के नेतृत्व में वह उत्तर प्रदेश में जनता की आवाज बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है. पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही.
निशांत कुमार ने एक अन्य पोस्ट में JDU को समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष पार्टी बताते हुए सुशासन, न्याय और विकास को उसके मूल सिद्धांत बताया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, कानूनव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काम करके बिहार को बदलने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि अब पार्टी की विचारधारा और नीतीश कुमार की नीतियों को देश के दूसरे राज्यों तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है.
सीटों के आकलन के बाद होगा फैसला
JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद के बयान और निशांत कुमार की पोस्ट से साफ है कि पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. फिलहाल पार्टी का जोर उन सीटों की पहचान करने पर है, जहां उसका संगठन और उम्मीदवार बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं. इसके साथ ही NDA के साथ तालमेल की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है.