Car Loan Offer: मिडिल क्लास परिवारों के लिए अपनी कार खरीदना एक बड़ा सपना होता है. दिवाली के शुभ मौके पर ज्यादातर लोग घर में नई गाड़ी या कोई नया सामान लाना पसंद करते हैं. अगर इस दिवाली नई कार लेने की तैयारी चल रही है, तो देश के प्रमुख बैंक ये सपना पूरा करने के लिए कई शानदार कार लोन ऑफर लेकर आए हैं. त्योहारों के इस सीजन में ग्राहकों को कम ब्याज दरों के साथ शुरुआती खर्चों में भी बड़ी राहत दी जा रही है. इससे आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला बोझ काफी कम हो सकता है.

त्योहारों पर बैंकों ने खोला पिटारा
दिवाली 2026 के मौके पर भारतीय स्टेट बैंक , इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया से लेकर HDFC बैंक तक ग्राहकों को लुभाने में जुटे हैं. BankBazaar.com के 23 अक्टूबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, कुछ बैंकों में कार लोन की शुरुआती ब्याज दरें 7.55 से 7.75 फीसदी सालाना के स्तर पर आ गई हैं. ब्याज के अलावा ग्राहकों को प्रोसेसिंग फीस में छूट मिल रही है. साथ ही समय से पहले पूरा लोन बंद करने पर लगने वाले फोरक्लोजर चार्ज से भी राहत दी जा रही है. हालांकि, ये सभी फायदे संबंधित बैंक के अपने नियमों व शर्तों पर निर्भर करेंगे.
बिना प्रोसेसिंग फीस के लोन दे रहे ये सरकारी बैंक
नई कार लेते समय लोन की प्रोसेसिंग फीस एक अतिरिक्त खर्च होती है, लेकिन कई सरकारी बैंकों ने इसे पूरी तरह खत्म कर दिया है. बैंक ऑफ महाराष्ट्र में कार लोन पर कोई प्रोसेसिंग फीस नहीं लग रही है. यहां ब्याज दर 7.70 से 12 फीसदी है, जिस पर 5 लाख रुपये के 5 साल वाले लोन की मासिक EMI 10,067 से 11,122 रुपये तक बनेगी.
इसी तरह इंडियन बैंक भी जीरो प्रोसेसिंग फीस पर लोन दे रहा है. इसकी ब्याज दर 7.75 फीसदी से शुरू है, जिसमें हर महीने 10,031 से 11,034 रुपये तक की किस्त देनी होगी. इंडियन ओवरसीज बैंक में भी प्रोसेसिंग फीस बिल्कुल नहीं है. यहां 7.80 से 12 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से मासिक किस्त 10,090 से 11,122 रुपये के बीच रहेगी. वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 31 दिसंबर 2026 तक प्रोसेसिंग फीस पूरी तरह माफ कर दी है. इस बैंक में 7.75 से 9.55 फीसदी ब्याज पर 5 लाख के लोन की EMI 10,078 से 10,513 रुपये के बीच होगी.
सबसे सस्ते ब्याज पर कहां मिल रहा है कार लोन
सबसे कम शुरुआती ब्याज दर की बात करें तो पंजाब एंड सिंध बैंक सबसे आगे है. ये बैंक 7.55 फीसदी से लेकर 14.30 फीसदी सालाना ब्याज पर कार लोन दे रहा है. यहां 5 साल के लिए 5 लाख रुपये के लोन पर हर महीने 10,031 से 11,712 रुपये तक की EMI चुकानी होगी. बैंक लोन की रकम का 0.25 फीसदी प्रोसेसिंग फीस लेता है.
इसके बाद केनरा बैंक और UCO बैंक का नंबर आता है, जहां शुरुआती ब्याज दर 7.70 फीसदी है. केनरा बैंक में 7.70 से 11.70 फीसदी ब्याज पर EMI 10,067 से 11,047 रुपये तक होगी, जबकि प्रोसेसिंग फीस 1,000 से 5,000 रुपये है. UCO बैंक में 7.70 से 10.25 फीसदी ब्याज पर किस्त 10,067 से 10,685 रुपये तक बनेगी, जिसकी प्रोसेसिंग फीस 0.5 फीसदी है. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में ब्याज दर 7.75 से 10.25 फीसदी है, जहां EMI 10,078 से 10,685 रुपये के बीच रहेगी. यहां अधिकतम 1,000 रुपये प्रोसेसिंग फीस लगती है.
SBI, PNB समेत बड़े प्राइवेट बैंकों में कितनी बनेगी किस्त
देश के अन्य बड़े सरकारी व प्राइवेट बैंकों ने भी 5 साल के लिए 5 लाख रुपये के लोन पर अपनी दरें तय की हैं. भारतीय स्टेट बैंक में कार लोन की ब्याज दर 8.45 से 9.50 फीसदी तक है. यहां मासिक किस्त 10,246 से 10,501 रुपये तक देनी होगी, जबकि प्रोसेसिंग फीस 500 से 2,000 रुपये के बीच है. पंजाब नेशनल बैंक में 7.85 से 10.95 फीसदी ब्याज पर EMI 10,102 से 10,859 रुपये के बीच रहेगी. इसकी प्रोसेसिंग फीस 1,000 से 1,500 रुपये है.
बैंक ऑफ बड़ौदा में 7.85 से 11.55 फीसदी ब्याज पर हर महीने 10,102 से 11,009 रुपये तक की किस्त देनी होगी, जहां प्रोसेसिंग फीस 2,000 रुपये तक है. वहीं बैंक ऑफ इंडिया में 7.85 से 12.55 फीसदी ब्याज पर EMI 10,102 से 11,262 रुपये के बीच होगी. ये बैंक 2,500 से 10,000 रुपये प्रोसेसिंग फीस लेता है.
प्राइवेट बैंकों की बात करें तो HDFC बैंक में ब्याज दर 8.25 फीसदी से शुरू है, जिस पर शुरुआती EMI 10,198 रुपये बनेगी. बैंक 3,500 से 8,000 रुपये प्रोसेसिंग फीस ले सकता है. ICICI बैंक में ब्याज दर 8.40 फीसदी से शुरू होती है. यहां मासिक किस्त 10,234 रुपये से शुरू होगी, जबकि प्रोसेसिंग फीस 8,500 रुपये तक जा सकती है. हालांकि ग्राहकों को आखिर में किस ब्याज दर पर लोन मिलेगा, ये उनकी कमाई, क्रेडिट स्कोर व लोन चुकाने की क्षमता देखकर ही तय किया जाएगा.