PRD Jawans Salary Hike: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल के जवानों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की भी घोषणा की गई।

PRD जवानों का बढ़ेगा मानदेय
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। इसके लिए जल्द ही बैठक आयोजित कर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि PRD जवानों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके हितों का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है।
हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने का ऐलान किया। इससे गांवों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इसके अलावा देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के पास खाली पड़ी जमीन युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। इस जमीन पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में होंगे 50 खेल
मुख्यमंत्री ने खेल प्रतियोगिताओं को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। अभी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।
खबर अपडेट हो रही है…