करवा चौथ का व्रत इस बार 29 अक्टूबर, बृहस्पतिवार को रखा जाएगा. पूजन की थाली को लेकर हर एक छोटी चीज का ख्याल रखा जाता है. मॉडर्न सोच और परंपराओं के साथ इस त्योहार में भी कई चीजें और एड हुई हैं. इस दिन कपल स्पेशल फोटो शूट भी कराते हैं. ऐसे में आपके अच्छे लुक के साथ ही ये भी जरूरी है कि करवा, थाली और छलनी भी फोटो में अच्छी आए. आप कुछ सिंपल सी चीजों से इन सारी चीजों को आसानी से सजा सकती हैं.

महिलाएं करवा चौथ को लेकर काफी एक्साइटेड रहती हैं. वो अपने कपड़ों से लेकर इस दिन के लिए पूजन के सामान तक की खरीदारी चुनचुनकर करती हैं. पूजा की थाली तो सबसे खास मानी जाती है. तो चलिए जान लेते हैं इसे घर पर डेकोरेट करने के सिंपल टिप्स.
थाली को ऐसे करें तैयार
थाली को सजाने के लिए आपको चाहिए होगा ग्लू, रेड वेलवेट पेपर और कुछ गोल्डन या सिल्वर लेस, सबसे पहले पूरी थाली में अंदर की तरफ को ब्रश की हेल्प से ग्लू लगा दें. अब उसके ऊपर वेलवेट पेपर अच्छे से चिपकाएं और 5 मिनट सूखने दें. इसके बाद लेस को आप थाली के थाली के बीच से क्रॉस करके इस तरह लगाएं कि इसमें चार हिस्से बन जाएं. दरअसल इससे बची हुई जगह में दीपक और बाकी सामग्री रखने में आसानी रहेगी. इसके बाद किनारों पर लेस लगाकर इसे कंप्लीट कर लें.
करवा और लोटा करें डेकोरेट
पारंपरिक रूप से करवा को पिसे हुए ताजा चावलों के घोल से रंगा जाता है और महावर से डिजाइन बनाए जाते हैं. आप इसके अलावा इसपर कुछ शीशे भी लगा सकती हैं. जल वाले लोटे पर चाहे तो रेड पेंड कर लें या फिर इसपर भी वेलवेट पेपर चिपकाएं, लेकिन ध्यान रखें कि पेपर में सिलवटें नहीं पड़नी चाहिए. इसके बाद चारों तरफ शीशे के गोल और चौकोर पीस लगाकर इसे डेकोरेट कर लें. इसी के साथ लोटे के चारों तरफ एक राउंड थाली की मैचिंग लेस भी लगाएं.
छलनी की डेकोरेशन
पूजा की छलनी को डेकोरेट करना भी काफी सिंपल है. आप इसके लिए फ्रिंज वाली लेस खरीदें. पहले रेड वेलवेट पेपर छलनी के चारों तरफ चिपकाएं और फिर निचले किनारों पर फ्रिंज लेस चिपका दें. ऊपर के बचे हुए हिस्से में सितारे, हाफ राउंड बीड्स या शीशे के पीस आपके पास जो भी चीज हो वो लगा सकती हैं. इस तरह से आपकी पूजा थाली की सारी चीजों की डेकोरेशन आसानी से हो जाएगी.
ये चीजें भी करें थाली में एड
आप छोटी सी डिब्बी को डेकोरेट करके इसमें सिंदूर भरकर थाली में रख सकती हैं और एक लाल कपड़े और गोल्डन लेस से डेकोरेट की गई पोटली भी थाली रखें, जिसमें अर्पित किया जाने वाला श्रंगार का सामान रखें. करवा चौथ की पूजा थाली इस तरह कंप्लीट हो जाएगी.