Guwahati Hotel firing: असम की राजधानी गुवाहाटी में 26 अक्टूबर सोमवार की रात अंधाधुंध फायरिंग से हड़कंप मच गया। बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में लीज समझौते को लेकर विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने अंधाधुंध फायरिंग करना शुरु कर दी, जिससे 5 लोगों की मौत हो गई, इनमें होटल मालिक की पत्नी और बेटा भी शामिल है। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों में 4 लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जो होटल में काम करते थे। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।
होटल के रिसेप्शन के पास मिले शव
गोलीबारी की घटना सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। गोलियों की आवाज से होटल और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में होटल के रिसेप्शन के पास शव पड़े दिखाई दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, घटनास्थल से शुरुआत में चार शव बरामद किए गए थे। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
क्यों हुआ विवाद?
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घनकांत गोगोई ने पिछले साल होटल बिलास इन को लीज पर लिया था। पिछले कुछ समय से होटल की लीज और संपत्ति से जुड़े समझौते को लेकर उसका होटल मालिक के परिवार के साथ विवाद चल रहा था। सोमवार रात भी दोनों पक्षों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद घनकांत गोगोई ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से 6 लोगों को गोली मार दी। इस दौरान होटल में मौजूद कई लोग गोलियों की चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस अभी घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
घटना के एक घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के करीब एक घंटे के भीतर आरोपी घनकांत गोगोई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल की गई .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली है।
पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत के अनुसार, शुरुआती जांच में गोलीबारी की वजह होटल के लीज समझौते से जुड़ा संपत्ति विवाद सामने आया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद किस बात पर बढ़ा और फायरिंग की नौबत कैसे आई।
तीन मृतकों की हुई पहचान
मृतकों में हेलेना भराली, देबोरशी कश्यप और नारायण दास की पहचान हो चुकी है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई है।
गोलीबारी में जीवित बचे घायल व्यक्ति की पहचान सत्येन पाठक के रूप में हुई है। उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस घटना में मारे गए लोगों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें