Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार के लिए गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 का दिन काफी भारी रहा. सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी पर बाजार खुलते ही बिकवाली का ऐसा दौर चला कि बंद होने तक चारों तरफ लाल निशान ही नजर आए. ये लगातार तीसरा कारोबारी दिन है जब घरेलू मार्केट गिरावट के साथ बंद हुआ. विदेशी मोर्चे से आई एक बुरी खबर ने निवेशकों को डरा दिया. बड़ी कंपनियों से लेकर छोटे शेयरों तक में जमकर पैसे निकाले गए. शाम को बाजार बंद होने तक निवेशकों की गाढ़ी कमाई के 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक स्वाहा हो चुके थे.

सऊदी अरामको पर ड्रोन हमले से सहमा बाजार
बाजार के जानकारों के मुताबिक, बाजार में आई इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह सऊदी अरामको पर हुआ ड्रोन हमला रहा. इस हमले ने पश्चिमी एशिया में ऐसी टेंशन बढ़ाई कि उसकी आंच में घरेलू शेयर मार्केट बुरी तरह झुलस गया. दिन के कारोबार यानी इंट्राडे में एक वक्त सेंसेक्स 704.58 प्वाइंट्स टूटकर 73,005.11 पर आ गया था. वहीं निफ्टी भी 256.50 प्वाइंट्स गिरकर 22,554.85 तक चला गया, जो 22,550 के एकदम करीब है. आखिरी घंटों में थोड़ी रिकवरी जरूर हुई, लेकिन ये बाजार को गहरे लाल निशान से बाहर नहीं निकाल सकी. अंत में सेंसेक्स 460.30 प्वाइंट्स यानी 0.62% फिसलकर 73,249.39 पर और निफ्टी 50 भी 123.70 प्वाइंट्स यानी 0.54% गिरकर 22,687.65 पर बंद हुआ.
निवेशकों की झोली से ₹4.02 लाख करोड़ साफ
बेंचमार्क इंडेक्स के अलावा ब्रोडर लेवल पर भी आज हाहाकार रहा. सबसे ज्यादा मार छोटे शेयरों यानी स्मॉलकैप स्पेस पर पड़ी. निफ्टी मिडकैप 100 में आज करीब 1% की गिरावट रही तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1% से अधिक टूट गया. बिकवाली की इस आंधी ने निवेशकों को बड़ा झटका दिया है. आंकड़ों को देखें तो एक कारोबारी दिन पहले यानी 21 अक्टूबर 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,62,37,678.67 करोड़ था. आज 22 अक्टूबर 2026 को ये घटकर ₹4,58,35,517.82 करोड़ रह गया. इसका सीधा मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज एक ही दिन के अंदर ₹4,02,160.85 करोड़ की भारी गिरावट आई है.
आईटी से लेकर ऑटो सेक्टर तक भारी बिकवाली
सेक्टर के हिसाब से देखें तो आज शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स लाल निशान में थे. निवेशकों को एफएमसीजी, आईटी और ऑटो सेक्टर के शेयरों ने काफी परेशान किया. निफ्टी एफएमसीजी में करीब डेढ़ फीसदी, निफ्टी आईटी में 1% से अधिक और निफ्टी ऑटो में आधे फीसदी से अधिक की बिकवाली रही. हालांकि इस गिरावट के बीच पीएसयू बैंक और फार्मा सेक्टर के शेयरों ने थोड़ा दम दिखाया और इन दोनों के निफ्टी इंडेक्स हल्का ग्रीन होने में कामयाब रहे.
गिरते बाजार में भी चमके कुछ शेयर
चौतरफा बिकवाली के बावजूद कुछ चुनिंदा शेयरों ने अपने निवेशकों को राहत दी. बीएसई सेंसेक्स पर कुल 30 शेयर लिस्टेड हैं, जिनमें से आज 19 शेयर लुढ़क गए लेकिन 11 शेयरों में बढ़त रही. सबसे अधिक तेजी आज बजाज फाइनेंस में देखने को मिली, जो 1.61% ऊपर रहकर 939.95 रुपये पर बंद हुआ. इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट 1.52% की बढ़त के साथ 10,975.00 रुपये और आईसीआईसीआई बैंक 0.71% चढ़कर 1,394.80 रुपये पर बंद हुआ.
हरे निशान में रहने वाले अन्य शेयरों में सन फार्मा 0.51% ऊपर 1,753.95 रुपये, एसबीआई 0.46% की तेजी के साथ 968.30 रुपये, भारती एयरटेल 0.40% चढ़कर 1,899.95 रुपये और अडानी पोर्ट्स 0.38% की बढ़त के साथ 1,756.20 रुपये पर रहा. वहीं टाटा स्टील 0.29% ऊपर 172.80 रुपये, कोटक बैंक 0.24% चढ़कर 437.55 रुपये, एचसीएल टेक 0.15% की तेजी के साथ 1,426.00 रुपये और बजाज फिनसर्व 0.01% की मामूली बढ़त के साथ 1,685.00 रुपये पर बंद हुआ. इन शेयरों की मजबूती ने बाजार को और बड़ी गिरावट से किसी तरह संभाले रखा.