Chandigarh News: छत्तीसगढ़ के जाने माने राइस मिल कारोबारी दीपक मित्तल की चंडीगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दीपक सेक्टर 17 के फाइव स्टार ताज होटल में एक युवती के साथ ठहरे थे. बुधवार तड़के अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें GMSH16 अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. दीपक मित्तल की फर्म, पंजाब सरकार को 400 करोड़ रुपये की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत राशन किट की सप्लाई करती थी.

पुलिस की शुरुआती जांच में घटना की पूरी टाइमलाइन सामने आई है. बुधवार तड़के करीब 5:30 बजे कमरे में मौजूद युवती ने होटल प्रबंधन को दीपक मित्तल की तबीयत अचानक खराब होने की जानकारी दी. होटल स्टाफ तुरंत कारोबारी को सरकारी अस्पताल लेकर भागा, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मौके पर मौजूद युवती को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की और बाद में उसे छोड़ दिया.
कमरे से शराब की बोतलें, दवाइयां और 5 लाख कैश बरामद
घटना की सूचना मिलते ही SSP कंवरदीप कौर, डीएसपी सेंट्रल एसपीएस सोंधी और सेक्टर17 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ होटल ताज पहुंचे और कमरे की तलाशी ली. पुलिस को होटल के कमरे से शराब की आधी से ज्यादा खाली बोतलें, कुछ दवाइयां, करीब 5 लाख रुपये कैश और एक बैग बरामद हुआ है. पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि क्या कारोबारी ने शराब पीने के बाद कोई भारी दवा खाई थी. मौत की असली वजह का पता लगाने के लिए विसरा सैंपल फॉरेंसिक लैब भेजा गया है. पुलिस होटल के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि रात में कमरे में कोई अन्य व्यक्ति मिलने आया था या नहीं.
पंजाब सरकार के 400 करोड़ के प्रोजेक्ट से जुड़ा था दौरा
मृतक दीपक मित्तल रायपुर स्थित ‘संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के मैनेजिंग डायरेक्टर थे. उनकी कंपनी खाद्य सामग्री की सरकारी आपूर्ति के कारोबार में एक बड़ा नाम है. हाल ही में उनकी कंपनी को पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ के तहत करीब 400 करोड़ रुपये का ठेका मिला था. इसके तहत गेहूं, चना और दाल की सप्लाई की जा रही थी. मंगलवार को ही वे रायपुर से चंडीगढ़ आए थे, जहां से अपने ड्राइवर के साथ जालंधर स्थित ऑफिस गए. शाम को ड्राइवर उन्हें होटल ताज छोड़ गया था. बुधवार सुबह उन्हें सेक्टर35 स्थित मार्कफेड दफ्तर में एक बड़ी मीटिंग में शामिल होना था.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, होटल प्रबंधन ने जताया दुख
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ से मृतक दीपक मित्तल की बहन, बहनोई, भाई और भतीजा चंडीगढ़ पहुंचे. बुधवार दोपहर GMSH16 में डॉक्टरों की विशेष टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद परिजन पार्थिव देह को अपने साथ रायपुर ले गए. होटल ताज प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद कर रहे हैं और पुलिस जांच में पूरा सहयोग दे रहे हैं.