नई दिल्ली: दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन के सांसदों का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस बस का टायर पंचर कर दिया, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को ले जाया जा रहा था। बस KG मार्ग जंक्शन पर रुक गई। इसके बाद पुलिस राहुल गांधी को बाराखंबा रोड पुलिस थाने ले गई। थोड़ी देर बाद बाराखंबा थाने से पुलिस ने नेता विपक्ष को छोड़ दिया।

अधीर रंजन चौधरी बोले ये घोर अन्याय है
इस घटनाक्रम पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ‘ये घोर अन्याय है, और क्या कह सकते हैं।’ उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से एक आंदोलन को छेड़ने की कोशिश की जा रही है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि उनका मुद्दा सभी जानते हैं और देश की जनता के मुद्दे ही उनके मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन्हीं मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार से कहते हैं, लेकिन सरकार किसी की बात सुनना नहीं चाहती।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
इससे पहले राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर INDIA गठबंधन के सांसदों के विरोध पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि सांसद कल चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे, लेकिन वह उनसे नहीं मिले। राहुल गांधी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे यहां प्रदर्शन नहीं कर सकते। राहुल गांधी ने कहा कि सांसद आज फिर जंतरमंतर पर बैठेंगे। वे देश को बताएंगे कि उनके लिए ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं।
‘लोकतंत्र को खत्म किया’
राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार पर देश के लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कल भी कहा था कि जिन्होंने यह काम किया है, वे देशद्रोही हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इन लोगों पर एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा, ‘ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा।’
’45 FIR हैं, 100 चाहिए’
राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज FIR का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘मेरे पास 45 FIR हैं और मेरा लक्ष्य है कि मुझे 100 FIR चाहिए। हर FIR मेरे लिए एक मेडल है।’ CEC ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर INDIA गठबंधन के सांसदों का विरोध और जंतरमंतर जाने की कोशिश के बीच दिल्ली में प्रदर्शन का सिलसिला जारी है।