उत्तर प्रदेश के संभल स्थित श्री कल्कि धाम के मुख्य पुजारी आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिली है. आचार्य का कहना है कि उन्हें विदेशी नंबर से धमकी भरा कॉल आया. उन्होंने कुलबीर सिंह सिद्धू नाम के शख्स पर धमकी देने का आरोप लगाया है और साथ ही दावा किया कि धमकी देने वाले का नाम जालंधर बम विस्फोट मामले से जुड़ा है. खबर है कि यह धमकी कुलबीर सिंह सिद्धू द्वारा 24 सितंबर की रात दो ऑडियो कॉल के माध्यम से दी गई है. आचार्य प्रमोद कृष्णम ने संभल के एसपी को इस संबंध में शिकायत दी है और साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उन्होंने लोगों को भी मामले की जानकारी दी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, संभल के ग्राम एंचोडा कम्बोह में निर्माणाधीन कल्कि मंदिर के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को बम से उड़ा देने की धमकी देने वाले संदिग्ध का संबंध आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से है, जिसके उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में संबंध हैं. इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, ‘मैं कोई कार्रवाई नहीं करूंगा. मैं बस अपना कर्तव्य निभा रहा हूं. यह एक संवेदनशील मामला है, इसलिए मैं इसे आप सभी के साथ साझा कर रहा हूं. मेरा पूरा जीवन श्री कल्कि धाम के निर्माण के लिए समर्पित है. मैं अपना काम कर रहा हूं, लेकिन राष्ट्र के साथ इसे साझा करना मेरा कर्तव्य था’.
कई दिनों से आ रहे धमकी भरे कॉल
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से मुझे कुछ नंबरों से कॉल आ रहे हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय नंबर और ऐसे नंबर भी शामिल हैं, जिनका पता नहीं लगाया जा सकता. मैं इन कॉल्स को नहीं उठाता. कुछ नंबरों से धमकी भरे कॉल आने पर मैं उन्हें नहीं उठाता, क्योंकि इन कॉल्स और उनसे बात करने से मुझे बेवजह तनाव होता है. मुझे दोतीन दिन पहले एक ऑडियो मैसेज मिला था. ऑडियो रिकॉर्डिंग पंजाबी में थी और मैंने ऑडियो मैसेज भेजने वाले व्यक्ति का नंबर और ऑडियो यूपी पुलिस के साथ साझा कर दिया है. मैंने गृह मंत्रालय को ईमेल भी भेजा है. मैंने इसे पंजाब पुलिस को भी भेजा है, क्योंकि उसने अपना नाम कुलबीर सिंह सिद्धू बताया है’.
संदिग्ध ने रॉकेट लॉन्चर से सबको उड़ाने की दी धमकी
आचार्य ने आगे बताया कि ऑडियो कॉल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी देने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा कि वो रॉकेट लॉन्चर से सबको उड़ा देगा. उनका मानना है कि कुछ राष्ट्रविरोधी ताकतें इस देश को खालिस्तान में बदलना चाहती हैं. ऐसे लोग हिंदू और सिखों को अलग करना चाहते हैं. हालांकि उनका मानना है कि सिख और हिंदू एक ही माता की संतान हैं.