Mumbai News: देश के रियल एस्टेट बाजार में एक बड़ी प्रॉपर्टी डील चर्चा में है. स्टॉकब्रोकिंग कंपनी एंजल वन के संस्थापक, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश ठक्कर ने मुंबई के जुहू इलाके में 711 करोड़ रुपए में एक पूरा लग्जरी रेजिडेंशियल टावर खरीदा है. खास बात यह है कि यह सौदा किसी एक फ्लैट का नहीं, बल्कि पूरी सात मंजिला रिहायशी इमारत का है. यह प्रॉपर्टी मुंबई के बेहद पॉश इलाके जुहू तारा रोड पर स्थित Embassy Terraza प्रोजेक्ट का हिस्सा है. टावर का RERA कारपेट एरिया करीब 63,000 वर्ग फुट है. स्टांप ड्यूटी और GST समेत सौदे की कीमत करीब 711 करोड़ रुपए बताई जा रही है.

7 मंजिल का पूरा टावर खरीदा
रियल एस्टेट कंपनी Embassy Developments ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसने Embassy Terraza में एक पूरे रेजिडेंशियल टावर की बिक्री के लिए दिनेश ठक्कर के साथ MoU यानी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. कंपनी के मुताबिक, जिस टावर का सौदा हुआ है, वह सात मंजिला है और इसका RERA कारपेट एरिया करीब 63,000 वर्ग फुट है. करीब 711 करोड़ रुपए की कीमत वाली यह डील देश में एकल आवासीय इकाई के बड़े लेनदेन में शामिल है.
ये भी पढे़ं
करीब 1 लाख रुपए प्रति वर्ग फुट की कीमत
इस डील की कीमत को प्रॉपर्टी के क्षेत्रफल से जोड़कर देखें तो यह करीब एक लाख रुपए प्रति वर्ग फुट बैठती है. हालांकि, इसमें स्टांप ड्यूटी और GST जैसे खर्च भी शामिल बताए जा रहे हैं. जुहू मुंबई के सबसे महंगे और प्रीमियम रिहायशी इलाकों में गिना जाता है. यहां समुद्र के करीब मौजूद लग्जरी प्रॉपर्टीज की कीमत काफी ज्यादा होती है. ऐसे में पूरे टावर की यह डील रियल एस्टेट सेक्टर में खास चर्चा का विषय बनी हुई है.
दो एकड़ में बना है Embassy Terraza
Embassy Terraza प्रोजेक्ट मुंबई के जुहू तारा रोड पर करीब दो एकड़ में फैला हुआ है. इस पूरे प्रोजेक्ट में कुल पांच टावर हैं. कंपनी के चेयरमैन जितेंद्र विरवानी ने कहा कि Embassy Terraza में दिनेश ठक्कर द्वारा पूरा टावर खरीदना मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में कंपनी के ब्रांड पर भरोसे को दिखाता है. कंपनी ने मुंबई में अपनी शुरुआत के करीब 18 महीने के भीतर इस तरह की बड़ी डील को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है.
कौन हैं दिनेश ठक्कर?
दिनेश ठक्कर एंजल वन के संस्थापक, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. उन्होंने 1996 में पारंपरिक स्टॉक ब्रोकिंग कारोबार के तौर पर कंपनी की शुरुआत की थी. समय के साथ कंपनी ने अपने कारोबार को डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज में बदल दिया. कंपनी के मुताबिक, 2019 में उसने डिजिटल सफर की शुरुआत की और ग्राहकों को एंडटूएंड डिजिटल इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
इसके बाद कंपनी ने देश के अलगअलग हिस्सों में अपना ग्राहक आधार बढ़ाया और टियर2 और टियर3 शहरों तक पहुंच बनाई. दिनेश ठक्कर करीब तीन दशक से कंपनी के कारोबार से जुड़े हुए हैं. उनके नेतृत्व में Angel One ने पारंपरिक स्टॉक ब्रोकिंग से डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज की ओर अपना कारोबार बढ़ाया.
40 साल की उम्र तक किराए के घर में रहे
711 करोड़ रुपए की इस प्रॉपर्टी डील की एक दिलचस्प बात दिनेश ठक्कर की पुरानी सोच से जुड़ी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह करीब 38 से 40 साल की उम्र तक किराए के घर में रहे. उनका मानना था कि करियर के शुरुआती दौर में पैसा घर या रियल एस्टेट में लगाने के बजाय कारोबार में लगाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है.
वह अपनी पूंजी को बिजनेस में बनाए रखने को प्राथमिकता देते थे, क्योंकि उन्हें लगता था कि कारोबार से बेहतर रिटर्न मिल सकता है. अब जुहू में करीब 711 करोड़ रुपए के पूरे लग्जरी टावर की खरीद के लिए हुआ यह समझौता दिनेश ठक्कर की प्रॉपर्टी से जुड़ी सबसे बड़ी चर्चित डील में शामिल हो गया है.