नोएडा में ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो चैटिंग के जरिए हुई दोस्ती एक 22 वर्षीय बीटेक छात्र के लिए कथित तौर पर मुसीबत बन गई. आरोप है कि शादीशुदा महिला के प्रेम जाल में फंसने के बाद छात्र ने उसे उपहार और मदद के नाम पर करीब 50 लाख रुपये खर्च कर दिए. जब शादी की बात सामने आई तो पूरा मामला खुल गया.

आरोप है कि महिला छात्र से पीछा छुड़ाने के एवज में 5 करोड़ रुपये की मांग कर रही है. मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, मामला नोएडा के सेक्टर33 में रहने वाले कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे से जुड़ा है. वह बीटेक फाइनल ईयर का छात्र है.
अप्रैल 2025 में उसकी मुलाकात एक ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो चैटिंग ऐप के जरिए मुंबई निवासी एक महिला से हुई. महिला शादीशुदा थी और एक बच्चे की मां भी थी, लेकिन छात्र को इसकी जानकारी नहीं थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरेधीरे छात्र महिला के करीब आता गया.
आरोप है कि महिला ने छात्र से दोस्ती और प्रेम के नाम पर उपहार तथा मदद के लिए रकम लेनी शुरू कर दी. कुछ महीनों में छात्र ने महिला पर करीब 50 लाख रुपये खर्च कर दिए. मामला तब गंभीर हो गया, जब बात शादी तक पहुंची. छात्र के परिजनों ने जब महिला के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है.
शादीशुदा निकलने के बाद 5 करोड़ की मांग
परिजनों का आरोप है कि महिला जसलीन उर्फ ज्योति सरकार छात्र पर शादी करने का दबाव बना रही थी. आरोप यह भी है कि छात्र द्वारा रिश्ता खत्म करने की कोशिश करने पर महिला ने उसका पीछा छोड़ने के एवज में 5 करोड़ रुपये की मांग की. परिवार के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम से छात्र और उसके परिजन मानसिक रूप से परेशान हैं.
छात्र के पिता ने मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की है, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर महिला जसलीन, उसकी बहन क्रिस्टी उर्फ सविता और आरके उर्फ रतनदीप के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. थाना प्रभारी उमेश चंद्र निठानी ने बताया कि पुलिस ऑनलाइन चैट, लेनदेन और अन्य आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
साथ ही संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्र से 50 लाख रुपये लेने और 5 करोड़ रुपये की कथित मांग के आरोपों में कितनी सच्चाई है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.