उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होने वाली है. इस बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने 2022 के फॉर्मूले को आधार बनाने का संकेत दिया है. सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव ने अपनी सात सदस्यीय टीम को कांग्रेस के साथ बातचीत में 2022 के सीट बंटवारे के फॉर्मूले को ध्यान में रखने के निर्देश दिए हैं.

सूत्रों का कहना है कि सपा फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के मूड में है. अगर कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ती है तो उसे 10 से 20 सीटें और दी जा सकती हैं. हालांकि, इन अतिरिक्त सीटों पर उम्मीदवार समाजवादी पार्टी के होंगे. यानी सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी, लेकिन प्रत्याशी सपा का होगा. लोकसभा चुनाव के दौरान भी दोनों दलों के बीच कुछ सीटों पर इसी तरह का तालमेल देखने को मिला था.
2022 में सहयोगियों को दी थीं 56 सीटें
सपा के इस फॉर्मूले के पीछे 2022 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया जा रहा है. उस चुनाव में अखिलेश यादव ने छोटे दलों के साथ गठबंधन किया था और सहयोगियों को कुल 56 सीटें दी थीं. सपा ने राष्ट्रीय लोकदल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल , महान दल और जनवादी पार्टी जैसे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. अब 2027 के चुनाव में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत में भी सपा इसी तरह का फॉर्मूला अपनाना चाहती है. पार्टी का जोर सीटों की संख्या के साथसाथ उम्मीदवारों के चयन और जीतने की संभावना पर भी है.
कांग्रेस ने मांगी हैं 181 सीटें
सीट बंटवारे की बातचीत के बीच कांग्रेस की मांग भी सपा के लिए चुनौती बनी हुई है. कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है. कांग्रेस नेताओं ने भी पहले 150 से 200 सीटों की सूची सपा को सौंपने की बात कही थी. कांग्रेस का कहना है कि गठबंधन में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. वहीं सपा का रुख है कि सीटों का बंटवारा जीतने की संभावना और विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति को देखकर किया जाना चाहिए.
सात सदस्यीय टीम कर रही है बातचीत की तैयारी
सपा ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए सात सदस्यीय टीम बनाई है. अखिलेश यादव ने इस टीम को 2022 के फॉर्मूले के आधार पर बातचीत आगे बढ़ाने को कहा है. सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से बातचीत के लिए पांच नेताओं और दो डेटा एक्सपर्ट समेत सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. इस कमेटी की अध्यक्षता सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव करेंगे. इस टीम में सांसद राजीव राय, सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व नौकरशाह आलोक रंजन और पूर्व MLC उदयवीर सिंह होंगे.