Viral

‘हज के नाम पर लूट लिया’, सऊदी में मिला जला खाना तो भड़के पाकिस्‍तानी

रियाद: सऊदी अरब में चल रही हज यात्रा के बीच पाकिस्‍तान के हज यात्रियों ने शहबाज सरकार को जमकर सुनाया है। पाकिस्‍तानी जायरीन ने शिकायत की है कि प्रत्‍येक यात्री से हज के लिए 12 लाख रुपये लिए गए लेकिन मक्‍का मदीना में उन्‍हें रहने के लिए बहुत ही खराब इंतजाम किया गया है। यही नहीं एक- जगह से दूसरी जगह जाने के लिए ट्रांसपोर्ट का भी बहुत खराब इंतजाम किया गया है। हज यात्रियों को बहुत ही घटिया खाना दिया जा रहा है और स्‍थानीय स्‍तर पर प्रशासनिक सपोर्ट भी नहीं मिल रहा है। पाकिस्‍तानी हज यात्रियों ने इसकी शिकायत देश के धार्मिक मामलों के मंत्री सरदार युसूफ से की है। यही नहीं पाकिस्‍तानी जायरीन ने कोर्ट जाने की भी धमकी दी है। एक तरफ पाकिस्‍तानी जहां शिकायत कर रहे हैं, वहीं भारतीयों ने हज के इंतजामों की तारीफ की है।

Khabar Monkey

‘हज के नाम पर लूट लिया’, सऊदी में मिला जला खाना तो भड़के पाकिस्‍तानी
‘हज के नाम पर लूट लिया’, सऊदी में मिला जला खाना तो भड़के पाकिस्‍तानी

पाकिस्‍तानी अखबार एक्‍सप्रेस ट्रिब्‍यून की रिपोर्ट के मुताबिक हर यात्री से पाकिस्‍तान सरकार ने 12 लाख रुपया वसूला है। इसके बाद भी उन्‍हें गंभीर समस्‍याओं का सामना करना पड़ रहा है। हज यात्रियों ने कहा कि पाकिस्‍तानी अध‍िकारियों ने जो बेड मुहैया कराया है, वह बहुत ही खराब है। यही नहीं ट्रांसपोर्ट भी समय पर नहीं आ रहा है जिससे उन्‍हें एक जगह से दूसरे जगह जाने में देरी हो रही है और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाने की क्‍वालिटी बहुत ही खराब है। यही नहीं जला हुआ खाना दिया जा रहा है।

पाकिस्‍तानी अधिकारी नहीं कर रहे मदद

एक पाकिस्‍तानी यात्री ने कहा, ‘हमें यहां पर देखने वाला कोई नहीं है। हमें असहाय छोड़ दिया गया है।’ उन्‍होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी पाकिस्‍तानी अधिकारी कोई मदद नहीं कर रहे हैं। वहीं पाकिस्‍तानी मंत्री ने अब आश्‍वासन दिया है कि उनकी श‍िकायतों को दूर किया जाएगा। पाकिस्‍तान से हजारों की तादाद में यात्री मक्‍का पहुंचे हैं और हज में हिस्‍सा ले रहे हैं। एक तरफ जहां पाकिस्‍तानी अधिकारी अपने यात्रियों का ध्‍यान नहीं दे रहे हैं, वहीं भारत की ओर से राजदूत ने खुद मोर्चा संभाल रखा है और भारतीय जायरीन के लिए इंतजामों का जायजा ले रहे हैं।

सऊदी में भारतीय राजदूत ने संभाली कमान

वहीं भारत की बात करें तो खुद सऊदी अरब में भारतीय राजदूत डॉक्‍टर सुहैल एजाज खान ने खुद मोर्चा संभाल रखा है। भारतीय राजदूत ने बताया कि हज के सबसे महत्‍वपूर्ण दिन अराफात पर सभी भारतीय यात्रियों को समय पर और आसानी से मीना से अराफात पहुंचाया गया। अराफात में भारतीयों को रुकने का पूरा इंतजाम किया गया है। उन्‍होंने बताया कि मैं इस समय अराफात में ही मौजूद हूं और इंतजामों को देख रहा हूं। भारत से 1 लाख 75 हजार यात्री हज करने के लिए सऊदी अरब पहुंचे हैं।

अराफात में इकट्ठा हुए भारतीय जायरीन

सऊदी अरब के अराफात में मंगलवार को लाखों भारतीय जायरीन हज के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए इकट्ठा हुए और नमाज व दुआओं में शामिल हुए। सऊदी अरब में भारत के राजदूत ने सभी हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘आज हज का सबसे अहम दिन है, जब सभी यात्री मीना के टेंट सिटी से अराफात आते हैं और यहां पूरे दिन इबादत और दुआ में बिताते हैं, फिर सूर्यास्त के बाद मुजदलिफा की ओर जाते हैं।’ उन्होंने बताया क‍ि लगभग 50 प्रतिशत यात्री ट्रेनों से आए जबकि बाकी बसों से आए। अब सभी अराफात में हैं और पूरी तरह से इबादत में लगे हुए हैं।

केंद्रीय संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि यह पवित्र यात्रा लोगों के बीच दया, भाईचारा और एकता की भावना को और मजबूत करे। उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, ‘अराफात के पवित्र मैदान में हज के मुख्य अनुष्ठान के लिए इकट्ठा हुए सभी हज यात्रियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं। यह पवित्र यात्रा मानवता में करुणा, सौहार्द और एकता के मूल्यों को और मजबूत करे।’

Leave a Reply