सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली है. जहां दिल्ली में सोना तीन महीने के हाई पर पहुंच गई है. वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमतों में 10 हजार रुपए की छलांग देखने को मिली है. जानकारों की मानें तो डॉलर में आई गिरावट की वजह से सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है. आने वाले दिनों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है. ताज्जुब की बात तो ये है कि विदेशी बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में 2 फीसदी तक की गिरावट देखी गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतें कहां तक पहुंचती हैं…

दिल्ली में सोना हुआ महंगा
गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में ज़बरदस्त उछाल आया. सोना 4,300 रुपए बढ़कर 1.62 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के तीन महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जबकि कमज़ोर अमेरिकी डॉलर के बीच निवेशकों के कीमती धातुओं की ओर रुख करने से चांदी की कीमतों में 10,000 रुपए की तेज़ी आई.
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत 4,300 रुपए बढ़कर 1,62,300 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई. बुधवार को यह 1,58,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. यह कीमती धातु पिछली बार 26 मई को इसी स्तर के आसपास देखी गई थी, जब इसकी कीमत 1,62,400 रुपए प्रति 10 ग्राम थी.
चांदी की कीमतों 10 हजार रुपए का उछाल
चांदी में भी इसी तरह की तेज़ी देखी गई और इसकी कीमत 2,35,000 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2,45,000 रुपए प्रति किलोग्राम के सात सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई. इस सफेद धातु का कारोबार 3 जुलाई को भी इसी स्तर के आसपास हुआ था, जब इसकी कीमत 2,45,000 रुपए प्रति किलोग्राम थी.
HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर और ट्रेज़री यील्ड में भारी गिरावट के कारण गुरुवार को सोना दो महीने से ज़्यादा समय के अपने उच्चतम स्तर के आसपास बना रहा.
उन्होंने कहा कि डॉलर इंडेक्स तीन महीने के निचले स्तर पर आ गया, जबकि ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में कमी से सोने जैसी संपत्तियों की मांग बढ़ी. विदेशी बाज़ारों में गिरावट के बावजूद स्पॉट बुलियन की कीमतों में यह तेज़ी देखी गई.
विदेशी बाजारों में क्यों सस्ता हुआ सोनाचांदी?
सोने की कीमत 66.31 USD या 1.47 प्रतिशत गिरकर 4,456.72 USD प्रति औंस हो गई, और चांदी की कीमत लगभग 2 प्रतिशत गिरकर 65.82 USD प्रति औंस हो गई. मिरे एसेट शेयरखान में कमोडिटीज़ के हेड प्रवीण सिंह ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर नए आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 2 प्रतिशत से ज़्यादा की तेज़ी आई, जिसके चलते स्पॉट गोल्ड का कारोबार 4,450 USD प्रति औंस के निचले स्तर पर हुआ.
लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा कि US ट्रेजरी द्वारा लंबे समय वाले बॉन्ड की बायबैक बढ़ाने के बाद US ट्रेजरी यील्ड में कमी और डॉलर के कमजोर होने से सोना जून की शुरुआत के बाद से अपने सबसे ऊंचे स्तर के करीब बना हुआ है.
US ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह मौजूदा अगस्त तिमाही में ‘ऑफदरन’ सिक्योरिटीज की बायबैक की मात्रा को कम से कम दोगुना करके 2 अरब डॉलर से 4 अरब डॉलर कर देगा. सिंह ने कहा कि निवेशकों ने इस कदम को इस संकेत के तौर पर देखा कि US ट्रेजरी बॉन्ड मार्केट पर कड़ी नजर रखेगी और आगे और कदम उठाए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता.