
Gujarat woman shot dead in US Supermarket: अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हेट क्राइम में तेजी से इजाफा हुआ है. सोशल मीडिया और एआई इंटेलिजेंस से लैस जगह-जगह लगे कैमरों के इस युग में पकड़े जाने की सौ फीसदी गारंटी के बावजूद कुछ लोग इतने सिरफिरे होते हैं कि हत्या जैसे अपराध करने से भी नहीं डरते हैं. ताजा मामले में एक गुजराती मूल की महिला की गोली मारकर हत्या उसी सुपरमार्केट में कर दी गई, जहां वो बीते 10 सालों से काम कर रही थीं.
लूटपाट के लिए हत्या
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुपरमार्केट में कथित लूटपाट की कोशिश के दौरान गुजरात की एक भारतीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पीड़िता के परिवार ने वारदात की पुष्टि की है. मृतका की पहचान 45 साल की मेघनाबेन पटेल के रूप में हुई, जो बीते करीब 10 सालों से वर्जीनिया के उसी सुपरमार्केट में काम कर रही थीं. मेघनाबेन गुजरात के मेहसाणा जिले के विसापुर क्षेत्र के जंतराल गांव की रहने वाली थीं. उनके पिता करसनभाई पटेल और मां कपिलाबेन आज भी जंतराल गांव में रहते हैं.
वीडियो में नजर आया कातिल
इस वारदात की CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे एक अपराधी, जिसने एनिमल प्रिंट ट्रैक पैंट और ग्रे जैकेट पहन रखी थी, वो अपना चेहरा छिपाकर लगभग खाली पड़े स्टोर में दाखिल होकर सीधे काउंटर की ओर बढ़ता है. वीडियो में आरोपी को काउंटर के दूसरी तरफ खड़ी महिला से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है.
कुछ ही क्षण बाद वह व्यक्ति अपनी जेब में हाथ डालता है, बंदूक निकालता है और महिला पर गोली चला देता है. यह पूरी घटना CCTV वीडियो में दिखाई देती है. गोली लगते ही महिला नीचे गिर जाती है. इसके बाद हमलावर काउंटर के ऊपर से अंदर आता है और उस पर लगातार गोलियां चलाता रहता है.
आरोफी फरार मामले की जांच जारी
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि हत्या का आरोपी वापस काउंटर पार करके बाहर निकलते समय स्टोर का कुछ सामान जमीन पर गिरा देता है. हत्यारा बड़े आराम से उसी रास्ते से फरार हो जाता है. CCTV फुटेज में आरोपी को भागते हुए भी देखा गया है. मेघनाबेन पटेल अपने पीछे पति उपेंद्रभाई पटेल, बेटी नक्षीबेन और बेटे स्मिथ को छोड़ गई हैं. पुलिस का कहना है कि वो जल्द ही इस केस को सुलझाकर कातिल को गिरफ्तार कर लेगी. आपको बताते चलें कि अमेरिका में बीते एक दशक में हेट क्राइम तेजी से बढ़ा है. कत्ल की ये वारदात लूट के ही मकसद से हुई या हेट क्राइम थी, इसकी पुष्टि फिलहाल अभी तक नहीं हुई है.





