उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ लोगों पर एक साधु को जबरन शराब पिलाने की कोशिश करने और मना करने के बाद बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित साधु ने इस घटना को लेकर पुलिस के पास शिकायत भी की है। इस घटना के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र का है। यहां एक साधु के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव भदारी के निवासी साधु रामगिरी बाबा ने कुछ लोगों पर जबरदस्ती शराब पिलाने और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
साधु की बेरहमी से पिटाई
साधु रामगिरि बाबा के अनुसार वह भदारी गांव के एक आश्रम पर रहते हैं। 12 मई को वह किसी काम के बाद अपने आश्रम लौट रहे थे। तभी रास्ते में मिठाई लेने के लिए एक दुकान पर रुके जहां पहले से मौजूद रिंकू अनिल, गौरीश, आकाश नाम के युवकों ने उन्हें घेर लिया और नशे में धुत युवकों ने साधु से शराब पीने का दबाव बनाया। साधु के द्वारा धार्मिक आस्था का हवाला देकर मना करने पर युवकों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। और एक युवक ने साधु को थप्पड़ मार दिया। वह किसी तरह बच बचा कर अपने गांव भादारी पहुंचे। हालांकि, आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और कुछ देर बाद आरोपी अपनी मां के साथ गांव में उनके पास पहुंच गए। और बाबा की बेरहमी से पिटाई कर दी।
यूपी के पीलीभीत में साधु के साथ हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, साधु ने पुलिस से लिखित शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ एक्शन की मांग की है।
Khabar Monkey
–





