Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना नागल क्षेत्र स्थित बेलड़ा जुनारदार गांव में आवारा कुत्तों का जानलेवा आतंक सामने आया है. शुक्रवार शाम घर से खेलने निकले 11 वर्षीय मासूम प्रियांशु पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. खूंखार कुत्ते मासूम को घसीटते हुए पास के खेत में ले गए और नोचनोचकर उसकी हत्या कर दी. शुक्रवार शाम से लापता प्रियांशु का क्षतविक्षत शव शनिवार सुबह गांव के पास खेत से बरामद हुआ. मासूम की दर्दनाक मौत से परिवार में चीखपुकार मच गई और पूरे गांव में मातम व दहशत का माहौल है. ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है.

जानकारी के मुताबिक, गांव बेलड़ा जुनारदार निवासी रविंदर का 11 वर्षीय बेटा प्रियांशु शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर से बाहर खेलने निकला था. देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं आया, तो चिंतित परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. रात भर परिजनों ने गांव के आसपास के खेतों और जंगलों में प्रियांशु को ढूंढा और सोशल मीडिया पर भी फोटो शेयर कर मदद मांगी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह जब ग्रामीण फिर से खेतों की तरफ गए, तो वहां प्रियांशु का शव पड़ा मिला. कुत्तों के हमले के कारण मासूम का शरीर बुरी तरह क्षतविक्षत हो चुका था.
कक्षा 5 का छात्र था प्रियांशु, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मृतक प्रियांशु गांव के ही स्कूल में 5वीं कक्षा का छात्र था और अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसकी मौत से परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. थाना नागल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
2 दिन पहले भी 2 बच्चों को काटा था, ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले भी खूंखार कुत्तों के झुंड ने गांव के ही दो मासूम बच्चों आरव और सोनू पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था. ग्रामीणों का आरोप है कि बारबार शिकायत के बावजूद प्रशासन और नगर निकाय द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया. ग्रामीणों ने अविलंब कुत्ता पकड़ो अभियान चलाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.