New Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तरपूर्वी जिले के वेलकम क्षेत्र स्थित जनता मजदूर कॉलोनी से एक खौफनाक वारदात सामने आई है. जहां बुधवार रात मामूली कहासुनी के बाद एक पति ने अपनी ही 23 वर्षीय पत्नी पर देसी कट्टे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गनीमत यह रही कि महिला ने सही समय पर फुर्ती दिखाते हुए घर के अंदर भागकर अपनी जान बचा ली. घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई वेलकम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचे, कारतूस और स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पारिवारिक कलह इस पूरी वारदात की मुख्य वजह बनी. पीड़िता 23 वर्षीय नेहा की शादी करीब तीनचार महीने पहले ही जौहरीपुर निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद फैजान उर्फ फजी के साथ हुई थी. परिजनों ने बताया कि शादी के तुरंत बाद से ही दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर तीखे झगड़े होने लगे थे. रोजरोज के गृह क्लेश से परेशान होकर नेहा पिछले 1012 दिनों से अपने पिता अब्दुल कुरैशी के घर आकर रह रही थी.
ससुराल वापस चलने के दबाव पर भड़का पति, मुख्य गेट पर तानी पिस्टल
बुधवार रात करीब आठ बजे आरोपी फैजान अपनी स्कूटी से ससुराल पहुंचा था. फैजान ने नेहा को बातचीत के बहाने घर के मुख्य गेट पर बाहर बुलाया और उस पर तुरंत ससुराल वापस चलने का दबाव बनाने लगा. नेहा द्वारा मना करने पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. गुस्साए फैजान ने उसे जान से मारने की धमकी दी और अचानक अपनी जेब से देसी कट्टा निकाल लिया.
महिला ने घर के अंदर भागकर बचाई जान, मची अफरातफरी
फैजान ने जैसे ही तमंचे से नेहा पर गोली चलाई, इलाके में सनसनी फैल गई. गोली चलते ही नेहा ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत घर के भीतर की तरफ दौड़ लगा दी, जिससे गोली उसे न लगकर पास से निकल गई. सरेआम गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जमा होने लगे, जिससे घबराकर आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा.
DCP राहुल अलवाल का बयान: हथियार और स्कूटी के साथ आरोपी गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. उत्तरपूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलवाल के मुताबिक, पीड़िता नेहा के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी फैजान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी फैजान को दबोच लिया. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और स्कूटी बरामद कर ली गई है. पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.