Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में बिहार के बेगूसराय का नाम जुड़ गया है. गिरफ्तार तीनों शूटरों में शामिल ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का संबंध बेगूसराय के पिपरा गांव से है. हैरानी की बात यह है कि शूटर का नाम, पिता का नाम और उम्र गांव में रहने वाले एक परिवार के बेटे से मेल खाते हैं. इसके बावजूद परिवार ने पुलिस की ओर से दिखाई गई तस्वीर को पहचानने से इनकार कर दिया. परिजनों ने कहा कि उनका बेटा मुंबई में रहता है, लेकिन तस्वीर में दिख रहा युवक वह नहीं है. वहीं, पिछले दो दिनों से बेटे से संपर्क नहीं होने के कारण परिवार की चिंता भी बढ़ गई है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गिरफ्तार शूटर और बेगूसराय के युवक की पहचान एक ही है या नहीं…

नाम, पिता का नाम और उम्र मेल खाने से बढ़ा शक
तीनों शूटरों की गिरफ्तारी के बाद एक आरोपी का नाम ऋतिक कुमार उर्फ रोशन सामने आया. बताया गया कि वह बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का रहने वाला है. उसके पिता का नाम रामू महतो है. मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के बाद बेगूसराय पुलिस संबंधित पते का सत्यापन करने गांव पहुंची. पुलिस ने रामू महतो के घर और उनकी दुकान पर जाकर पूछताछ की. जांच के दौरान पता चला कि इस नाम और विवरण वाला एक युवक यहां रहता है. उसकी उम्र भी करीब 22 से 23 साल है. वह मुंबई में रहकर काम करता है. हालांकि, पुलिस की ओर से दिखाई गई तस्वीर को परिवार ने अपना बेटा मानने से इनकार कर दिया. ऐसे में शूटर की पहचान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
मुंबई में खाना बनाने का काम करता था बेटा
पिपरा गांव में रामू महतो नाश्ते और श्रृंगार के सामान की दुकान चलाते हैं. परिवार के मुताबिक, उनका बेटा ऋतिक कुमार उर्फ रोशन मुंबई में रहता था और वहां काम करता था. परिजनों ने बताया कि वह पहले खाना बनाने का काम करता था. फायरिंग के मामले में उसका नाम सामने आने के बाद परिवार की परेशानी बढ़ गई. परिजनों का कहना है कि पिछले दो दिनों से ऋतिक से बात नहीं हो पा रही है. उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है. पुलिस ने भी परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद होने के कारण उससे बात नहीं हो सकी.
परिवार के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर गिरफ्तार युवक उनका बेटा नहीं है तो नाम, पिता का नाम और उम्र कैसे मेल खा रहे हैं? वहीं, यदि दोनों एक ही व्यक्ति हैं तो परिवार तस्वीर पहचानने से इनकार क्यों कर रहा है? इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने और पहचान की पुष्टि के बाद ही मिल सकेगा.
मां बोलीं नाम मिल रहा, पर ये मेरा बेटा नहीं
ऋतिक की मां संयुक्ता देवी ने कहा कि उनका बेटा मुंबई में रहता है. उन्होंने बताया कि नाम की जानकारी तो मेल खा रही है, लेकिन पुलिस ने जो तस्वीर दिखाई है, उसमें उनका बेटा नहीं है. संयुक्ता देवी ने कहा, मेरा बेटा मुंबई में रहता है. नाम मैच कर रहा है, लेकिन मेरा बेटा वो नहीं है. कल से उससे बात नहीं हो रही है, फोन स्विच ऑफ बता रहा है.
बेटे के फायरिंग जैसी घटना में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका बेटा ऐसा नहीं कर सकता. हालांकि, परिवार की ओर से किए गए इस दावे के बावजूद अभी तक उसकी पहचान को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है. परिजन लगातार बेटे से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. परिवार चाहता है कि यह स्पष्ट हो कि मुंबई में गिरफ्तार संदिग्ध कौन है और उसका उनके बेटे से कोई संबंध है या नहीं.
ये भी पढे़ं
रतनपुर थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर की जांच
मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने पिपरा गांव में जाकर जांचपड़ताल की. पुलिस ने संबंधित पते का सत्यापन किया और परिवार से जानकारी जुटाई. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह अंतिम रूप से स्पष्ट नहीं है कि मुंबई में गिरफ्तार ऋतिक कुमार उर्फ रोशन ही रामू महतो का बेटा है. परिवार के दावे और पुलिस को मिली जानकारी में अंतर होने के कारण पहचान की पुष्टि इस मामले में अहम हो गई है.
टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग हुई थी. बताया गया कि अभिनेता फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपनी बीएमडब्ल्यू कार से घर जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाईं. हमलावरों में से दो लोग बाइक से उतरकर फायरिंग करने लगे. करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं. इनमें पांच गोली कार पर लगीं.