वैभव सूर्यवंशी ये एक नाम वर्ल्ड क्रिकेट में काफी चर्चा में बना हुआ है, जिसके पीछे की बड़ी वजह 15 साल के इस ओपनिंग आक्रामक बल्लेबाज का आईपीएल 2026 के सीजन में दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ अंदाज में खेलना है। वैभव सूर्यवंशी का एलिमिनेटर मुकाबले में भी बल्ले से यही अंदाज देखने को मिला जिसमें उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की बेहतरीन पारी खेलने के साथ अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स को इस मुकाबले में 47 रनों से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। इसके दम पर अब राजस्थान की टीम ने आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मैच के लिए भी अपनी जगह को पक्का कर लिया है। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला जिसके बाद उन्होंने मुकाबले से पहले अपनी तैयारियों को लेकर भी खुलासा किया।

मेरा ध्यान उसी मैच पर रहता है जिसमें खेल रहा हूं
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने ब्रॉडकास्टर के साथ बात करते हुए कहा कि जब हम जीतते हैं, तो हम बस उस पॉजिटिव सोच के साथ आगे बढ़ते हैं और अगले मैच की तैयारी में जुट जाते हैं और हम अगले मैच को भी उसी तरह से जीतने की कोशिश करते हैं। मैं किसी भी मैच में खेलने से पहले थोड़ा-बहुत सोचता जरूर हूं, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं। मैं बस उस मैच पर ध्यान देने की कोशिश करता हूं जिसमें खेल रहा हूं और किसी चीज को लेकर अधिक नहीं सोचता हूं। लेकिन अगर मुझे लगता है कि कोई ऐसी चीज मुझे अपनी बल्लेबाजी में सुधारनी है और जिस पर मुझे काम करने की जरूरत है, तो मैं उस पर ध्यान देता हूं।
मुझे अपने आउट होने के बाद ही उस रिकॉर्ड के बारे में पता चला
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का मौका था, लेकिन वह इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने से चूक गए। इसको लेकर भी उन्होंने कहा कि जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था तो मुझे इसके बारे में नहीं पता था, लेकिन आउट होने के बाद जब डग आउट में पहुंचा तो मुझे इस रिकॉर्ड के बारे में बताया गया। मैं बल्लेबाजी करते समय इस बारे में सोचता हूं कि विरोधी टीम में कौन-कौन से गेंदबाज हैं, इस विकेट पर मैं उनका सामना कैसे कर सकता हूं। ताकि मैं खेल पर हावी रह सकूं। मेरा पूरा ध्यान बस इस बात पर था कि मैं टीम के लिए जितना हो सके उतना योगदान देने की कोशिश करता हूं, शतक तो आगे भी बनाने का मौका मिलेगा लेकिन अभी हमारा ध्यान पूरी तरह से ट्रॉफी कैसे जीतें उसको लेकर है।
Khabar Monkey




