Vijay Shankar LPL 2026: भारत के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 में खेलने का फैसला किया है। उन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लिया था। उन्हें LPL 2026 में कैंडी रॉयल्स की टीम ने साइन किया है। विजय शंकर भारत के लिए टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में खेल चुके थे। लेकिन उन्हें वहां ज्यादा मौके नहीं मिले। ऐसे में उन्होंने 35 साल की उम्र में ही रिटायरमेंट ले लिया। इसके साथ ही वह आईपीएल में 4 टीमों के लिए खेल चुके हैं।
Khabar Monkey

LPL ने विजय शंकर के लिए शेयर किया एक वीडियो
विजय शंकर के लंका प्रीमियर लीग में शामिल होने की जानकारी LPL ने अपने सोशल मीडिया के जरिए दी है। इसके लिए उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि वह आगामी LPL सीजन में कैंडी रॉयल्स के साथ जुड़ रहे हैं। आपको बता दें कि लंका प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 17 जुलाई से होने वाली है। यह इस टूर्नामेंट का छठा संस्करण होगा। इस सीजन के लिए कैंडी रॉयल्स ने वनिंदु हसरंगा और मोईन अली को आइकॉन प्लेयर के तौर पर साइन किया है। वहीं एंजेलो मैथ्यूज और विजय शंकर स्टार प्लेयर के तौर पर टीम के साथ जुड़े हैं।
वनडे और T20I में विजय शंकर के आंकड़े कैसे हैं?
विजय शंकर के करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 12 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान वनडे मैचों में उन्होंने 31.85 के औसत से जहां 223 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में वह 4 विकेट लेने में कामयाब रहे। टी20 इंटरनेशनल में विजय शंकर ने 25.25 के औसत से 101 रन बनाए और 5 विकेट भी हासिल किए। वहीं आईपीएल में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने का मौका मिला। इस लीग में उन्होंने कुल 78 मैचों में खेलते हुए 1233 रन बनाए और गेंदबाजी में 9 विकेट हासिल किए।
घरेलू क्रिकेट में विजय शंकर का प्रदर्शन रहा शानदार
घरेलू क्रिकेट में विजय शंकर के आंकड़े काफी अच्छे रहे। वहां वह तमिलनाडु के लिए खेले। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्हें 77 मैचों में खेलने का मौका मिला और इस दौरान उन्होंने 46.73 के औसत से कुल 4253 रन बनाए, जिसमें 13 शतकीय और 23 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 43 विकेट हासिल किए।
यह भी पढ़ें





