
नासिक के तथाकथित ‘भोंदू बाबा’ अशोक खरात मामले ने पहले ही राज्य में हड़कंप मचा रखा है और अब इस मामले ने और भी सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मंत्रालय के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से अशोक खरात के संबंध थे। इतना ही नहीं, वह इन अधिकारियों को एक-दूसरे की पत्नियों के साथ संबंध बनाने (वाइफ स्वैप) की सलाह देता था। इन आरोपों के सामने आने के बाद समाज में आक्रोश बढ़ गया है और पूरे मामले की गहन जांच की मांग तेज हो गई है।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आगे कहा कि अशोक खरात के मोबाइल में कई लोगों के नाम कोड वर्ड में सेव थे। इसके पीछे वजह यह बताई जा रही है कि वह कई लोगों के काले धन को सफेद करने का काम करता था। उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल हर व्यक्ति की जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि केवल कुछ लोगों पर कार्रवाई कर मामला खत्म नहीं किया जा सकता, बल्कि जिन ४९ विधायकों के फोटो खरात के साथ सामने आए हैं, उनकी भी जांच होनी चाहिए। इस मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है कि कई सरकारी अधिकारी अपने परिवार के साथ खरात के पास जाते थे। कुछ मामलों में यह भी आरोप है कि पति अपनी पत्नियों को खुद खरात के पास भेजते थे। वडेट्टीवार ने कहा कि ऐसे लोगों को भी समान रूप से दोषी माना जाए और उनके खिलाफ अंधश्रद्धा विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की जाए।
हजार वीडियो का दावा
वडेट्टीवार ने दावा किया कि कई प्रभावशाली लोगों की पत्नियां खरात के कार्यालय जाती थीं और उनके पति बाहर इंतजार करते थे। हालांकि, अंदर क्या होता था, इस पर उन्होंने ठोस सबूत न होने के कारण टिप्पणी से परहेज किया। उन्होंने बताया कि खरात के कार्यालय से जब्त पेनड्राइव में करीब १००० वीडियो हैं, जिनमें से अभी तक केवल १५० वीडियो ही सामने आए हैं।
महाराष्ट्र की छवि को झटका
वडेट्टीवार ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर और महाराष्ट्र की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब तक संबंधित अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने दोहराया कि इस मामले में शामिल हर व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस बीच इन आरोपों के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
‘सबूत दें वडेट्टीवार’
मंत्रालय के उच्च पदस्थ अधिकारियों के भोंदू अशोक खरात से संबंध होने के आरोपों पर राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार को खुली चुनौती दी है। बावनकुले ने कहा कि वडेट्टीवार केवल बयानबाजी कर रहे हैं। अगर उनके पास ठोस सबूत हैं तो वे औपचारिक शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक अधिकारी से संबंधित ट्वीट देखा है, लेकिन केवल मीडिया में बयान देकर सनसनी फैलाने से कुछ हासिल नहीं होगा।












