देश में महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए प्याज एक बार फिर बड़ी परेशानी बन गया है. रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाली यह सब्जी अब घरेलू बजट बिगाड़ने में अहम भूमिका निभा रही है. खास बात यह है कि प्याज की कीमतों में तेजी का असर सिर्फ सब्जी खरीदने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे खानेपीने की दूसरी चीजों की महंगाई भी बढ़ रही है.

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में प्याज की सालाना महंगाई दर 116.22% तक पहुंच गई. यानी पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले प्याज की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सितंबर में भी प्याज की महंगाई दर 108.13% थी.
अगर आंकड़ों को देखें तो लगातार 5 महीनों से प्याज की कीमतों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है. प्याज की महंगाई का जो सिलसिला जून के महीने से 4 फीसदी से शुरू हुआ था, वो अक्टूबर के महीने में 116 फीसदी से ऊपर पहुंच चुका है. लगातार ऊंचे स्तर पर बनी यह महंगाई आम परिवारों के लिए चिंता का विषय है. आइए इस पर विस्तार से चर्चा करते हैं…
प्याज की महंगाई ने क्यों बढ़ाई चिंता?
प्याज भारतीय रसोई का ऐसा हिस्सा है, जिसकी मांग लगभग हर घर में रहती है. दाल, सब्जी, सलाद से लेकर कई तरह के व्यंजनों में इसका इस्तेमाल होता है. यही वजह है कि प्याज की कीमतों में तेजी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है. अक्टूबर के सरकारी आंकड़ों में प्याज सबसे ज्यादा महंगाई वाले प्रमुख खाद्य उत्पादों में पहले स्थान पर रहा. इसकी महंगाई दर 116.22% दर्ज की गई, जबकि सितंबर में यह 108.13% थी. इसका मतलब है कि प्याज की महंगाई सिर्फ बनी नहीं हुई है, बल्कि पिछले महीने के मुकाबले और बढ़ी है. खास बात तो ये है कि प्याज की कीमतों में इजाफा जून के महीने से शुरू था. उसमें लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है. जून के महीने में प्याज की महंगाई 4.73% देखने को मिली थी. उसके बाद जुलाई के महीने में 22.54%, अगस्त में 48.78% फीसदी, सितंबर 108.13% और अब अक्टूबर में 116.22% फीसदी पर आ गई है.
लगातार 5 महीनों से बढ़ रही प्याज की महंगाई
| महीना | प्याज की महंगाई दर |
| जून | 4.73% |
| जुलाई | 22.54% |
| अगस्त | 48.78% |
| सितंबर | 108.13% |
| नवंबर | 116.22% |
कीमतों पर क्या कहते हैं सरकारी आंकड़े
डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स के आंकड़ों को देखें तो प्याज की कीमतों में इजाफा इजाफा देखने को मिला है. हमने यहां हर महीने की आखिरी तारीख में प्याज की औसत कीमत को लिया है. इससे साफ आइडिया होगा कि प्याज के दाम लगातार बढ़े हैं. 30 जून को प्याज की औसत कीमत 29.8 रुपए प्रति किलोग्राम थे. जो एक महीने बाद यानी 31 जुलाई को 35.36 रुपए हो गए. 31 अगस्त को प्याज की औसत कीमत 48.87 रुपए प्रति किलोग्राम पर दिखाई दी. 30 सितंबर को 53.91 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए. अक्टूबर के महीने में भी प्याज कीमतें इसी रेंज में दिखाई दी. डिपार्टमेंट के अनुसार 31 अक्टूबर को प्याज की औसत कीमत 53.41 53.91 रुपए प्रति किलोग्राम थी. 13 नवंबर को प्याज की औसत कीमत 53.71 प्रति किलोग्राम नजर आई. इसका मतलब है कि लगातार तीसरे महीने भी प्याज की औसत की कीमत 53 रुपए प्रति किलोग्राम से ज्यादा है.
| दिन | औसत कीमत प्रति किलोग्राम |
| 30 जून को प्याज की औसत कीमत | 29.8 रुपए |
| 31 जुलाई को प्याज की औसत कीमत | 35.36 रुपए |
| 31 अगस्त को प्याज की औसत कीमत | 48.87 रुपए |
| 30 सितंबर को प्याज की औसत कीमत | 53.91 रुपए |
| 31 अक्टूबर को प्याज की औसत कीमत | 53.41 रुपए |
| 13 नवंबर को प्याज की औसत कीमत | 53.71 रुपए |
आखिर प्याज की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं?
इसकी सबसे बड़ी वजह प्याज की सप्लाई में आई कमी और मौसम का असर है. भारतीय रिजर्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट में प्याज की कीमतों में तेजी के पीछे कुछ प्रमुख कारण बताए गए हैं.
- पुराने स्टॉक में कमी: रबी सीजन में जमा किए गए प्याज के भंडार में कमी आई है. कुछ स्टॉक खराब भी हुआ है.
- मानसून का असमान वितरण: कई इलाकों में बारिश सामान्य नहीं रही, जिससे फसल और उसकी उपलब्धता प्रभावित हुई.
- खरीफ फसल की आवक में देरी: नई फसल कब और कितनी मात्रा में मंडियों में पहुंचेगी, इसे लेकर अनिश्चितता बनी रही.
- सप्लाई और मांग का अंतर: बाजार में प्याज की उपलब्धता मांग के मुकाबले कम होने से कीमतों पर दबाव बढ़ा.
RBI के मुताबिक, जून के अंत से 30 सितंबर तक प्याज की खुदरा कीमतों में करीब 84% की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी.
प्याज के साथ लहसुन और अदरक भी महंगे
महंगाई का दबाव सिर्फ प्याज तक सीमित नहीं है. अक्टूबर 2026 के सरकारी आंकड़ों में कई दूसरे खाद्य उत्पादों की कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी देखने को मिली.
इससे साफ है कि रसोई में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी चीजें महंगी हो रही हैं. ऐसे में परिवारों का मासिक खर्च बढ़ना स्वाभाविक है.
प्याज कैसे बढ़ा रहा है देश की महंगाई?
प्याज की कीमतों में तेजी का असर सीधे खाद्य महंगाई पर पड़ता है. जब रोजाना इस्तेमाल होने वाली सब्जियों के दाम बढ़ते हैं, तो लोगों को अपने खानेपीने के बजट में बदलाव करना पड़ता है. नवंबर में जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09% हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.54% थी. इस दौरान खाद्य महंगाई भी बढ़कर 8.94% पर पहुंच गई. ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई 9.09% और शहरी इलाकों में 8.68% रही. यानी महंगाई का दबाव शहरों के साथसाथ गांवों में भी महसूस किया जा रहा है.
क्या RBI की चिंता भी बढ़ाएगा प्याज?
महंगाई बढ़ने का असर सिर्फ आम लोगों की जेब पर नहीं पड़ता, बल्कि यह RBI की मौद्रिक नीति के लिए भी चुनौती बन सकता है. RBI का महंगाई लक्ष्य 4% है, जबकि इसकी सहनशीलता सीमा 2% से 6% है. अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.09% पर पहुंचकर इस ऊपरी सीमा को पार कर गई. अगर खाद्य पदार्थों की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहती हैं, तो महंगाई को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है. इसका असर ब्याज दरों से जुड़े फैसलों पर भी पड़ सकता है.
आम आदमी को कब मिलेगी राहत?
प्याज की कीमतों में राहत काफी हद तक नई फसल की आवक, मौसम और बाजार में उपलब्ध स्टॉक पर निर्भर करेगी. अगर खरीफ फसल की सप्लाई बेहतर होती है और मंडियों में प्याज की आवक बढ़ती है, तो कीमतों पर दबाव कम हो सकता है. हालांकि, मौसम की अनिश्चितता और पुरानी फसल के स्टॉक में कमी के कारण कीमतों में तुरंत बड़ी गिरावट की उम्मीद करना मुश्किल है. सरकार के लिए भी यह जरूरी होगा कि वह बाजार में प्याज की उपलब्धता बनाए रखे और जमाखोरी पर नजर रखे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
आम आदमी के लिए क्यों जरूरी है प्याज की कीमतों पर नजर रखना?
प्याज भले ही एक छोटी सी सब्जी दिखाई देता हो, लेकिन भारतीय परिवारों के रोजमर्रा के खर्च में इसकी अहम भूमिका है. इसकी कीमतों में तेजी का असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ता है. अक्टूबर के आंकड़े बताते हैं कि प्याज की महंगाई अब सिर्फ सब्जी बाजार की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह देश में बढ़ते महंगाई दबाव की बड़ी वजहों में शामिल हो गई है. प्याज की 116.22% महंगाई दर का मतलब यह है कि अक्टूबर 2026 में इसकी कीमत पिछले साल के अक्टूबर के मुकाबले इस दर से अधिक थी. इसका मतलब यह नहीं है कि प्याज एक ही महीने में 116% महंगा हुआ.