उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सिगरेट को लेकर हुए मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। अयोध्या के 28 वर्षीय भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता शिवम सिंह की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उन पर 26 मई को कुछ युवकों ने कथित तौर पर ईंट और पत्थरों से हमला किया था।

शिवम सिंह अयोध्या जिले की धौरहरा इकाई से भाजपा युवा मोर्चा की जिला समिति के सदस्य थे। पुलिस के अनुसार घटना 26 मई की रात की है, जब शिवम अपने कुछ दोस्तों के साथ विभूति खंड इलाके के एक बार में पार्टी करने पहुंचे थे।
शुरुआती जांच के मुताबिक, विवाद एक सड़क किनारे स्थित दुकान पर शुरू हुआ, जहां शिवम सिगरेट खरीद रहे थे। इीसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनसे सिगरेट मांगी। शिवम ने उन्हें एक सिगरेट दे दी, लेकिन युवकों ने और सिगरेट की मांग की। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद वे वहां से चले गए।
Khabar Monkey
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद बाइक सवार युवकों ने कथौता झील के पास शिवम को घेर लिया और उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में शिवम के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
राहगीरों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर तीन आरोपियों शांतनु रावत, हनी तिवारी और विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा ने बताया कि घटना की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। वहीं, शिवम के परिवार ने पुलिस जांच पर असंतोष जताते हुए मामले में निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





