CrimeViral

रिटायर्ड IPS घर पर नहीं थे और पत्नी के साथ हो गया कांड, नेपाली नौकरानी ने ऐसे रची खौफनाक साजिश

रिटायर्ड IPS घर पर नहीं थे और पत्नी के साथ हो गया कांड, नेपाली नौकरानी ने ऐसे रची खौफनाक साजिश

 हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में हुई यह वारदात सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि भरोसे के टूटने की कहानी बन गई है. जिस घर में सुरक्षा, अनुशासन और सतर्कता जीवन का हिस्सा मानी जाती थी, उसी घर में आधी रात मौत ने दस्तक दे दी. रिटायर्ड IPS अधिकारी विनय रंजन राय की पत्नी सुनंदा की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है. शुरुआती जांच में जिस तरह घरेलू नौकरानी का नाम सामने आया, उसने लोगों को और ज्यादा चौंका दिया. पुलिस के मुताबिक नेपाली नौकरानी कल्पना ने ही कथित तौर पर पूरी साजिश रची और अपने साथियों को बताया कि घर में सुनंदा अकेली हैं. इसके बाद देर रात आरोपी घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. हैदराबाद के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में शामिल प्रशासान नगर में हुई इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या अब बड़े अधिकारी भी अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं. आसपास रहने वाले IAS और IPS अधिकारियों में भी इस घटना के बाद डर और बेचैनी साफ दिखाई दे रही है.

यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई. पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने पहले घर की गतिविधियों पर नजर रखी और सही समय का इंतजार किया. रिटायर्ड IPS अधिकारी विनय रंजन राय उस समय बेंगलुरु में थे. इसी दौरान सुनंदा घर में अकेली थीं. जांच में सामने आया है कि रात करीब एक बजे आरोपी घर में दाखिल हुए. हत्या के बाद घर से सोने के गहने और नकदी भी गायब मिली. पुलिस को शक है कि यह सिर्फ लूट नहीं, बल्कि पहले से तय आपराधिक साजिश थी. हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने भी माना है कि इस केस में नेपाली गैंग की भूमिका सामने आ रही है. पुलिस ने कई विशेष टीमें बनाई हैं और शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है.

जुबली हिल्स की हाई सिक्योरिटी कॉलोनी में मचा हड़कंप

  • जुबली हिल्स का प्रशासान नगर इलाका हैदराबाद के सबसे हाई-प्रोफाइल इलाकों में गिना जाता है. यहां कई बड़े IAS, IPS और वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं. ऐसे इलाके में इस तरह की हत्या ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही तेलंगाना के DGP सीवी आनंद मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट ली.
  • पुलिस जांच में सामने आया है कि नेपाली घरेलू सहायिका कल्पना पिछले आठ महीनों से घर में काम कर रही थी. शुरुआती जांच के अनुसार उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश तैयार की. उसने आरोपियों को बताया कि घर में उस रात सुनंदा अकेली होंगी. इसी जानकारी के आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच कर रही है.
  • हत्या के बाद आरोपी घर से नकदी और गहने लेकर फरार हो गए. पुलिस को शक है कि यह गैंग पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा हो सकता है. आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग भी अब घरेलू कर्मचारियों के वेरिफिकेशन को लेकर सतर्क हो गए हैं. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाहर से आने वाले कर्मचारियों की पूरी जानकारी स्थानीय थाने में जरूर दर्ज कराएं.

पुलिस को मिले अहम सुराग

हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने कहा है कि जांच टीमों को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. पुलिस को शक है कि आरोपी शहर छोड़ने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए राज्य की सीमाओं पर भी अलर्ट जारी किया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

नेपाली गैंग की भूमिका पर फोकस

पुलिस अब नेपाली गैंग के एंगल पर सबसे ज्यादा फोकस कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि कुछ संगठित गिरोह घरेलू कर्मचारियों के जरिए बड़े घरों की रेकी करते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं. यही वजह है कि पुलिस लगातार लोगों को वेरिफिकेशन और सतर्कता की सलाह देती रही है.

Leave a Reply