भारतीय शेयर बाजार में कुछ ऐसे दिग्गज निवेशक हैं, जिनकी हर खरीद-बिक्री पर निवेशकों की नजर रहती है. इन निवेशकों ने लंबे समय में न सिर्फ शानदार संपत्ति बनाई है, बल्कि बाजार में अपनी अलग पहचान भी कायम की है. हालिया आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अमीर निवेशकों की सूची में डीमार्ट के संस्थापक राधाकिशन दमानी सबसे आगे हैं. उनकी सूचीबद्ध कंपनियों में हिस्सेदारी की कुल वैल्यू करीब 1.80 लाख करोड़ रुपये से अधिक है.

इकोनॉमिक टाइम्स के टॉप इंडिया इन्वेस्टर्स पोर्टफोलियो डेटा के अनुसार, आर के दमानी एंड एसोसिएट्स के पोर्टफोलियो में 12 कंपनियां शामिल हैं. हालांकि हाल की तिमाही में उनके पोर्टफोलियो की वैल्यू में कुछ गिरावट दर्ज की गई, लेकिन वह अब भी देश के सबसे बड़े व्यक्तिगत इक्विटी निवेशक बने हुए हैं. दूसरे स्थान पर दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला के परिवार का पोर्टफोलियो है. झुनझुनवाला एंड एसोसिएट्स की कुल नेटवर्थ करीब 50 हजार करोड़ रुपये आंकी गई है. उनके पोर्टफोलियो में 30 से ज्यादा कंपनियां शामिल हैं और हाल की तिमाही में इसमें बढ़ोतरी भी देखने को मिली है.
ये निवेशक भी हैं हजारों करोड़ के मालिक
इसके अलावा अनुज सेठ एंड एसोसिएट्स लगभग 14 हजार करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ शीर्ष निवेशकों में शामिल हैं. वहीं मुकुल अग्रवाल, के मोहन, आशीष कचोलिया और विजय केडिया जैसे निवेशकों ने भी हजारों करोड़ रुपये के पोर्टफोलियो तैयार किए हैं. डेटा के मुताबिक मुकुल अग्रवाल एंड एसोसिएट्स का पोर्टफोलियो करीब 7,879 करोड़ रुपये का है, जबकि के मोहन एंड एसोसिएट्स के निवेश की वैल्यू 7,600 करोड़ रुपये से ज्यादा है. छोटे और मिडकैप शेयरों में मजबूत पकड़ रखने वाले आशीष कचोलिया एंड एसोसिएट्स की नेटवर्थ 3,200 करोड़ रुपये से अधिक है. वहीं बाजार के चर्चित निवेशक विजय केडिया के पोर्टफोलियो की वैल्यू करीब 1,281 करोड़ रुपये बताई गई है.
Khabar Monkey
–





