Uttar Pradesh Police Transfer: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. डीजीपी मुख्यालय ने गुरुवार को डिप्टी एसपी रैंक के 206 पीपीएस (प्रांतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए. तबादलों की इस सूची में राजधानी लखनऊ में तैनात करीब एक दर्जन अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं.
Khabar Monkey

सूत्रों के अनुसार, यह तबादला अभियान चुनाव आयोग के उन मानकों के अनुरूप माना जा रहा है, जिनके तहत एक ही जिले में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से तैनात अधिकारियों को चुनाव से पहले स्थानांतरित किया जाता है. माना जा रहा है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
तबादला सूची में मुख्यमंत्री सुरक्षा, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी और विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जितेंद्र कुमार को शाहजहांपुर भेजा गया है, जबकि लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात विकास कुमार जायसवाल को मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनाती दी गई है. गोरखपुर में तैनात उदय प्रताप सिंह द्वितीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है.
राजधानी में तैनात सतीश कुमार राय को मेरठ स्थित पीएसी की छठी वाहिनी भेजा गया है. वहीं, सहायक पुलिस आयुक्त अभय कुमार मल्ल को बलरामपुर स्थानांतरित किया गया है. महोबा के गौरव उपाध्याय और अंबेडकरनगर के शुभम कुमार को लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर तैनाती मिली है.
मुख्यमंत्री सुरक्षा से वाराणसी कमिश्नरेट भेजे गए राजेश कुमार सिंह को अब लखनऊ कमिश्नरेट में नियुक्त किया गया है. कासगंज में तैनात शाहिदा नसरीन को भी राजधानी भेजा गया है. वहीं, शिप्रा पांडेय को लखनऊ से डीजीपी मुख्यालय में आईजी कानून-व्यवस्था कार्यालय में तैनात किया गया है.
इसके अलावा अनुष्का को प्रयागराज स्थित पीएसी की चतुर्थ वाहिनी, सुरेंद्र शर्मा को बरेली की आठवीं वाहिनी पीएसी तथा वीरेंद्र विक्रम को कानपुर कमिश्नरेट भेजा गया है. रामपुर से अतुल कुमार पांडेय, कानपुर से अभिषेक कुमार पांडेय तथा कानपुर से ही रंजीत कुमार को लखनऊ कमिश्नरेट में नई तैनाती मिली है.
इसी क्रम में विनय कुमार द्विवेदी को मुजफ्फरनगर, राजकुमार सिंह द्वितीय को प्रयागराज कमिश्नरेट और अनिद्य विक्रम सिंह को गाजीपुर भेजा गया है. अभिनव यादव द्वितीय को एटीएस में तैनाती दी गई है, जबकि प्रतीक दहिया (पीलीभीत) और महेश त्यागी (नोएडा कमिश्नरेट) को लखनऊ कमिश्नरेट में नियुक्त किया गया है.












