उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार शाम को धूल भरी आंधी के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने से कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई और 72 अन्य घायल हो गए। कुछ लोगों की मौत पेड़ गिरने से हुई जबकि अन्य लोग इमारतों और बिजली गिरने की चपेट में आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावितों को राहत देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जनपदों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से आयी आपदा को देखते हुए राहत कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा में दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को चार लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को सहायता राशि वितरित करने के निर्देश
एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित जनपदों के प्रभारी मंत्रियों से अपेक्षा की है कि वे अपने प्रभार वाले जनपदों में तत्काल पहुंचकर राहत कार्यां का निगरानी करते हुए इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। मुख्यमंत्री ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को नुकसान का सत्यापन कर 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को सहायता राशि वितरित करने और उनसे सीधे बातचीत कर आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने आपदा प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों को अविलम्ब सहायता पहुंचाने के निर्देश देते हुए कहा है कि बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का प्राथमिकता के आधार पर सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को अनुमन्य चार लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। योगी आदित्यनाथ ने पशुहानि पर प्रभावितों को सहायता दिए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
Khabar Monkey
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, नुकसान का सर्वे कराने और राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों के माध्यम से शीघ्र आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। सीएम आदित्यनाथ ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया और राजस्व और कृषि विभागों के साथ-साथ बीमा कंपनियों को भी नुकसान का सर्वे करने और सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
खराब मौसम से यूपी के 26 जिलों में 111 लोगों की मौत
राहत आयुक्त कार्यालय ने एक बयान में कहा, “13 मई को खराब मौसम जिसमें आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने जैसी घटनाएं शामिल थीं, के कारण 26 जिलों से 111 लोगों की मौत की सूचना मिली है। राज्य में 72 लोग घायल हुए हैं, 170 पशुधन की हानि हुई है और 227 घरों को नुकसान पहुंचा है।” राहत आयुक्त के कार्यालय ने कहा कि वह जिला अधिकारियों के साथ समन्वय कर स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और प्रभावित जिलों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रयागराज में 24 मौतें
प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिली रिपोर्ट के अनुसार प्रयागराज में 24, भदोही में 16, फतेहपुर में 9, बदायूं में 5, प्रतापगढ़ में 4, चंदौली और कुशीनगर में 2-2 और सोनभद्र में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। प्रयागराज जिला प्रशासन के अनुसार यहां बुधवार की घटनाओं में कुल 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। भदोही में 16 मौतें दर्ज की गई हैं। फतेहपुर में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में नौ लोगों की मौत हुई है और 16 घायल हुए हैं। प्रतापगढ़ में आंधी-तूफान और बारिश के कारण चार लोगों की मौत हुई है। कानपुर देहात में बिजली गिरने से एक युवती सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि देवरिया में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान गई। सोनभद्र में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर मकान, शेड और दीवारें गिरने से जनहानि हुई है।





