उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपाया है। इस आंधी-तूफान से यूपी में कुल 20 लोगों की मौत की खबर है। फतेहपुर जिले में तेज आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है। कई बिल्डिंगों की दीवारें गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही भदोही में बुधवार को भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली तूफान के कारण 6 लोगों की मौत हो गई। कई जगहों पर पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं। बदायूं में तेज आंधी-तूफान से 5 लोगों की मौत हुई है।

बिजली के खंभे उखड़े, घरों पर गिरे पेड़
भदोही में बुधवार को भारी बारिश के साथ आए तूफान के कारण कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कई इलाकों से बिजली के खंभे और घरों पर पेड़ गिरने की खबरें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि तूफान के बाद मोबाइल नेटवर्क में व्यवधान के कारण बहाली और बचाव कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
Khabar Monkey
भदोही में बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या
मौर्य ने कहा कि उप-जिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य अधिकारी, पुलिस कर्मियों के साथ, जिले की तीनों तहसीलों में निरीक्षण और राहत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘अब तक 6 लोगों की मौत की जानकारी मिली है, लेकिन संख्या बढ़ सकती है।’ अधिकारी ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद ही हताहतों और घायलों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
बदायूं में 5 की मौत
वहीं, बदायूं में भीषण धूल भरी आंधी और बारिश के कारण हुई अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग लड़कियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिसोली थानाक्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव में तूफान के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो लड़कियों – मौसमी (10) और रजनी (9) – की मौत हो गई।
दीवार गिरने से 4 लोग मलबे में दबे
तेज हवाएं चलने के बाद कल्लो और नेहा नाम की दो महिलाओं के साथ ये लड़कियां वहां शरण लेने आई थीं। अधिकारियों ने बताया कि तूफान में दीवार गरने से चारों लोग मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं को गंभीर चोटें आईं।
उमेश चन्द्र की रिपोर्ट, पीटीआई के इनपुट के साथ





