CrimeViral

‘मेरे पति की हत्या की गई है’: मजदूर की मौत में नया मोड़, पत्नी ने लगाया आरोप; बोली- रची गई है गहरी साजिश

‘मेरे पति की हत्या की गई है’: मजदूर की मौत में नया मोड़, पत्नी ने लगाया आरोप; बोली- रची गई है गहरी साजिश
‘मेरे पति की हत्या की गई है’: मजदूर की मौत में नया मोड़, पत्नी ने लगाया आरोप; बोली- रची गई है गहरी साजिश

Varanasi News: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले मजदूर के शव के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। प्रारंभिक तौर पर इसे रेल दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन मृतक की पत्नी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पत्नी का आरोप है कि संपत्ति विवाद के चलते उनके पति की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

जानकारी के अनुसार, कछवा रोड क्षेत्र के गुड़िया गांव निवासी मुन्नू बिंद (32) मंगलवार को मुंबई से अपने घर लौटे थे। परिजनों के मुताबिक दोपहर बाद वह किसी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव के पास रेलवे ट्रैक पर गुजर रही लक्ष्मी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

शुक्रवार को मृतक की पत्नी मानती देवी अपने भाई के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मुंबई से घर लौटने के बाद उनके पति के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद उनकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया।

मानती देवी का आरोप है कि घटना को रेल दुर्घटना का रूप देकर सच्चाई छिपाने का प्रयास किया गया। उन्होंने अपने दो देवरों, सौतेली ननद, सौतेली सास सहित कुछ अन्य लोगों पर साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दिए जाने के बाद मामले की जांच की मांग तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं मृतक की पत्नी न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रही हैं। अब मामले की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply