Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है. मझोला थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई जिसमें एक बाइक सवार बदमाश गोली लगने से घायल हो गया. घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है. पुलिस गिरफ्त में आए बदमाश की निशानदेही पर दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है. पुलिस गिरफ्त में आया बदमाश बीती रात पार्श्वनाथ प्लाजा पार्किंग पर की गई फायरिंग का आरोपी है.

दरअसल, बीती रात मुरादाबाद जिले का मझोला थाना इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा था. रात लगभग 9 बजे के आसपास चौधरी चरण सिंह चौक पर नारियल कारोबारी पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी, तो वहीं घटना के ढाई तीन घंटे बाद मझोला थाना क्षेत्र में पार्श्वनाथ प्लाजा पार्किंग पर शंकर शर्मा नाम के बदमाश के द्वारा फायरिंग की गई थी. जिसमें पार्किंग संचालक ने थाना हाजा पर मुकदमा दर्ज कराया था. वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी बदमाश शंकर शर्मा की तलाश शुरू कर दी थी.
फायरिंग कर फैलाई थी दहशत
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाला शंकर शर्मा का मूवमेंट मझोला थाना इलाके में हर्बल पार्क रोड पर है. पुलिस ने बाइक पर जा रहे शंकर शर्मा को रोकने का प्रयास किया, तो बाइक सवार बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में बाइक सवार बदमाश गोली लगने से घायल हो गया.
पुलिस की गोली लगने पर घायल हुए बदमाश की शिनाख्त मझोला थाना इलाके के चिड़िया टोला निवासी शंकर शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस ने शंकर शर्मा की निशानदेही पर दो अवैध तमंचे खोखे व जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है. पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश शंकर शर्मा के खिलाफ आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं.
Khabar Monkey
आरोपी के पास से दो तमंचे-बाइक बरामद
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार बीती मध्य रात्रि आरोपी शंकर शर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक इलाके में हवाई फायरिंग, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया था. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी. आज शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाइक से नया मुरादाबाद की तरफ जाने वाले गागन नदी के बांध के पास घूम रहा है. घेराबंदी करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया था. आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बाइक, दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं, पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पहले से लगभग 7-8 मुकदमे दर्ज हैं और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.












