कॉमेडियन सुनील पाल हाल ही में ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के एक स्पेशल एपिसोड में नजर आए थे। यह एपिसोड 2 मई को स्ट्रीम हुआ और इसी में समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया भी दिखाई दिए थे। अब हाल ही में सुनील ने उस एपिसोड को लेकर बात की है और दावा किया कि शो के दौरान उन्हें जान-बूझकर निशाना बनाया गया। सिर्फ इतना ही नहीं, उनके जोक्स भी काट दिए गए। चलिए जानते हैं कि कॉमेडियन सुनील पाल ने क्या कहा है।

कंटेंट क्रिएटर सूरज कुमार के साथ बात करते हुए सुनील ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि समय और रणवीर भी वहां मौजूद होंगे, न ही उन्हें वह स्टैंड-अप एक्ट करने की इजाजत मिली, जिसका उनसे वादा किया गया था। इसके अलावा, उन्हें दर्शकों के साथ-साथ नवजोत सिंह सिद्धू की तरफ से भी पक्षपात महसूस हुआ।
यह भी पढ़ें:
Khabar Monkey
नेटफ्लिक्स ने किया हाईलाइट
सुनील पाल ने कहा, “आखिरकार यह एक नेटफ्लिक्स शो है और उन्हें लगा कि उनके स्टार्स (समय और रणवीर) बुरे दौर से गुजर रहे हैं। इसलिए नेटफ्लिक्स उन्हें हाईलाइट करना चाहता था। फिर उन्हें कपिल शर्मा के शो पर बुलाया, ताकि उन्हें और ज्यादा लाइमलाइट मिले। सिर्फ इतना ही नहीं, टीआरपी बढ़ाने के लिए मुझे भी बुलाया गया। मैं बस वहां खड़ा था, मैंने कुछ नहीं कहा।”
जब सुनील से पूछा गया कि उन्होंने उस एपिसोड में जाना क्यों चुना जिसमें वे दोनों (समय और रणवीर) भी थे, तो सुनील ने कहा, “यह कपिल शर्मा का शो था, समय या रणवीर का शो नहीं। यहां तक कि शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान भी वहां जाते हैं, तो अगर मैं वहां गया तो इसमें इतना हैरान करने वाला क्या है? मुझे कपिल शर्मा के शो में बुलाया गया था।”
नहीं पता था समय और रणवीर वहां होंगे: सुनील
कॉमेडियन ने आगे कहा, “मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि समय वहां होगा। मुझे बताया गया था कि इस एपिसोड में स्टैंड-अप कॉमेडियन होंगे और शायद वो भी आ सकते हैं। मुझे ये भी कहा गया था कि मैं वहाँ आकर स्टैंड-अप परफॉर्म करूं, इंटरव्यू नहीं दूं। मैंने तो 15 मिनट का एक स्केच भी तैयार कर लिया था, जिसे डायरेक्टर अनुकुल ने भी फाइनल कर दिया था। लेकिन जब मैं वहां पहुंचा, तब पता चला कि ये दोनों भी आए हुए हैं। मुझे अपना स्टैंड-अप करने का मौका ही नहीं मिला। मैंने जो थोड़े बहुत जोक्स बोले थे, वो भी काट दिए गए।”
उन्होंने बताया कि न सिर्फ उनका हिस्सा, बल्कि समय और रणवीर की गाली-गलौज वाली भाषा और अश्लील इशारों को भी एपिसोड से एडिट करके हटा दिया गया था। इसके बाद सुनील पाल ने नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पूरन सिंह पर भी तंज कसते हुए कहा, “यह सब एकतरफा हो गया था। एक समय तो मुझे ऐसा लगा कि मुझे कोने में धकेल दिया गया है और मुझे ही निशाना बनाया गया। बहुत से लोगों ने भी इस बात को नोटिस किया, लोगों से जान-बूझकर कहा गया था कि वे मेरे जोक्स पर न हंसे और दूसरे व्यक्ति के छोटे से छोटे जोक पर भी जोरदार प्रतिक्रिया दें।”
सुनील ने लास्ट में कहा, “नवजोत सिंह सिद्धू, जो 20 सालों से कॉमेडियन को सुनते आ रहे हैं, उन्होंने समय के एक छोटे से मजाक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बहुत बढ़िया, तुम अगले कपिल हो। यहां तक कि अर्चना भी उस मजाक पर नहीं हंसी, वह तो ऐसी इंसान हैं जो अगर पैसे मिलें, तो हवा पर भी हंस दें। लेकिन अगर वह भी नहीं हंसी, तो मुझे लगा कि इसमें कोई न कोई साजिश जरूर थी।”
यह भी पढ़ें:





