एयरकंडीशनर और दूसरे कंज्यूमर ड्यूरेबल्स की कीमतों में त्योहारी मौसम से पहले 58 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के बावजूद मेकर इस बार बिक्री में दोहरे अंक की वृद्धि को लेकर आशान्वित हैं. कंपनियों का मानना है कि प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग, पुराने सामान को बदलने की जरूरत, आसान मासिक किस्त और कंज्यूमर सेंटीमेंट में सुधार से बिक्री को मजबूती मिलेगी. इस साल कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है. तांबा, एल्युमीनियम और स्टील जैसी धातुओं की बढ़ती लागत के साथ कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों की कीमतों, माल ढुलाई खर्च और करेंसी एक्सचेंज रेट्स में उतारचढ़ाव ने कंपनियों को कीमतें बढ़ाने के लिए मजबूर किया है. दक्षिण भारत में ओणम के दौरान मिली अच्छी सेल से उद्योग को त्योहारी सीजन में आगे भी मजबूत मांग की उम्मीद है. कंपनियों को भरोसा है कि नवरात्रि और दीपावली के दौरान भी बिक्री की रफ्तार बनी रहेगी.

बिक्री में 10 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी की संभावना
हायर अप्लायंसेज इंडिया के सीईओ एन एस सतीश ने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद त्योहारी बिक्री में दोहरे अंक की वृद्धि होगी. उन्होंने कहा कि हायर को मूल्य के आधार पर त्योहारी बिक्री में 3035 प्रतिशत और मात्रा के लिहाज से बिक्री में करीब 20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है. उनका मानना है कि त्योहारी सीजन में पूरे उद्योग में बिक्री में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है. सतीश ने कहा कि प्रीमियम उत्पादों की ओर कंज्यूर्मा का रुझान बढ़ रहा है और आसान फंडिंग इस मांग को समर्थन दे रहा है. उन्होंने कहा कि जो ग्राहक पहले ही कोई उपकरण खरीदने का निर्णय ले चुके हैं, वे अपने बजट के भीतर थोड़ी कम क्षमता वाला मॉडल चुन सकते हैं या ईएमआई के जरिये प्रीमियम मॉडल खरीद सकते हैं. हायर ने एक अक्टूबर से रूम एयरकंडीशनर की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत और एलईडी टीवी तथा वॉशिंग मशीन जैसी अन्य श्रेणियों में कीमतों में 23 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है.
इंक्वायरी में मिल रहा अच्छा रिस्पांस
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के कोहेड सेल्स एवं मार्केटिंग अधिकारी संजय चितकारा ने कहा कि कंपनी आगामी त्योहारी मौसम को लेकर काफी आशान्वित है. उन्होंने बताया कि श्राद्ध पक्ष के दौरान ही उत्पादों को लेकर पूछताछ उत्साहजनक रही है. उन्होंने कहा कि अब त्योहारी अवसर केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि लोग नए घर में जाने या अपने मौजूदा घर को अपग्रेड करने के लिए भी इस दौरान उपकरण खरीद रहे हैं. रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टीवी और एयरकंडीशनर के अलावा डिशवॉशर, माइक्रोवेव, ऑडियो उत्पाद और वॉटर प्यूरीफायर जैसी कैटेगरीज में भी मांग बढ़ रही है.
प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ेगी डिमांड
सोनी इंडिया के प्रबंध निदेशक सुनील नायर ने त्योहारी मौसम में कंपनी की कुल बिक्री में मूल्य के लिहाज से 1520 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद जताई है. उन्होंने कहा कि प्रीमियम उत्पाद, नए मॉडल और आकर्षक पेशकश ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं. सोनी को अपने इमेजिंग कारोबार में 30 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की उम्मीद है. टेलीविजन कारोबार में प्रीमियम ब्राविया मॉडल और बड़े स्क्रीन आकार वाले टीवी की मांग प्रमुख भूमिका निभा सकती है. ऑडियो श्रेणी में हेडफोन, साउंडबार और पार्टी स्पीकर की बिक्री भी नए उत्पादों और त्योहारी पेशकश के कारण मजबूत रहने की उम्मीद है.
पुराने दाम का स्टॉक भी मौजूद
गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के अप्लायंसेज प्रभाग के प्रमुख कमल नंदी ने कहा कि त्योहारी मौसम रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और एयरकंडीशनर की खरीद के लिए महत्वपूर्ण समय है. उन्होंने कहा कि ओणम के दौरान बिक्री की रफ्तार अच्छी रही और अब अन्य क्षेत्रों में भी मांग बढ़ने की उम्मीद है. हालांकि, कंपनियों ने कीमतें बढ़ा दी हैं, लेकिन ग्राहकों को कुछ समय तक पुराने दाम पर उत्पाद खरीदने का मौका मिल सकता है. इसका कारण यह है कि वितरकों और डीलर ने कीमत बढ़ने से पहले ही पर्याप्त मात्रा में सामान खरीदकर स्टॉक कर लिया था.
गोदरेज के अनुसार, पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में उपलब्ध रह सकता है. ऐसे में दीपावली तक पुराने दाम वाले उत्पादों की उपलब्धता बनी रहने की संभावना है. इसके बाद नए दाम का असर बाजार में अधिक स्पष्ट दिखाई देगा. आमतौर पर ओणम से दशहरा और दीपावली तक का त्योहारी मौसम उपभोक्ता उपकरण बनाने वाली कंपनियों की सालाना बिक्री में करीब 3040 प्रतिशत योगदान देता है.
बीसीजीसीआईआई की रिपोर्ट
बॉस्टन कंसल्टिंग ग्रुप और भारतीय उद्योग परिसंघ की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, भारत का टिकाऊ उपभोक्ता सामान बाजार 2030 तक सालाना 810 प्रतिशत की दर से बढ़ते हुए 33.25 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है. कुल मिलाकर, कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनियों को उम्मीद है कि प्रीमियम उत्पादों की मांग, पुराने उपकरणों को बदलने की मंशा और आसान ईएमआई सुविधा त्योहारी मौसम में बिक्री को मजबूत बनाए रखेंगे.