Karele Ka Achar Banane ki Recipe: गर्मियों में कई तरह की हरी सब्जियां आसानी से बाजार में मिल जाती हैं जिनमें करेले भी एक है। हालांकि सेहत के लिए यह बहुत फायदेमंद माना जाता है लेकिन इसकी कड़वाहट की वजह से लोग इसे पसंद नहीं करते हैं। खासकर बच्चे इसे देखकर मुंह बनाने लगते हैं। ऐसे में आप करेले को नए और स्वादिष्ट तरीके से उन्हें खिला सकते हैं। सही तरीकों और मसालों की मदद से करेले का स्वादिष्ट अचार तैयार किया जा सकता है।

करेले का अचार दाल-चावल, पराठा, रोटी या पूरी के साथ खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। इसे घर पर आप आसानी से तैयार कर सकते हैं। अगर आप बिना कड़वाहट के अचार बनाना चाहते हैं तो यह आसान रेसिपी फॉलो कर सकते हैं।
अचार के लिए सामग्री
500 ग्राम करेला
2 चम्मच नमक
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 बड़ा चम्मच सौंफ
1 छोटा चम्मच मेथी दाना
1 छोटा चम्मच राई
1 छोटा चम्मच कलौंजी
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
2 चम्मच सरसों का तेल
2 चम्मच नींबू का रस या सिरका
इस तरह बनाएं अचार
सबसे पहले करेले को अच्छी तरह से धो लें और पतले टुकड़ों में काट लें। अब इसमें नमक और हल्दी मिलाकर करीब 30 मिनट के लिए रख दें इससे करेले की कड़वाहट काफी हद तक कम हो सकती है। इसके बाद करेले को हल्के हाथों से दबाकर एक्स्ट्रा पानी निकाल लें।
अब एक पैन में सौंफ, मेथी दाना, धनिया और राई को हल्का भन लें। जब ये ठंडे हो जाएं तो इन्हें मिक्सर में दरदरा पीस लें। इसके बाद एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें करेले को डालकर हल्का सा भून लें।
अब इसमें तैयार मसालों के साथ लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, कलौंजी डालकर अच्छी तरह मिलाना है। गैस बंद होने के बाद नींबू का रस या सिरका मिला सकते हैं। जब अचार पूरी तरह ठंडा हो जाए तब इसे कांच के जार में भरकर स्टोर करें।
Khabar Monkey
इन बातों का रखें ध्यान
करेले के अचार को लंबे समय तक सुरक्षित तरीके से स्टोर करने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। साथ ही जार में रखने से पहले उसे पूरी तरह से सुखा लें। इस अचार को आप धूप में कुछ समय के लिए रख सकते हैं जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाएगा। अगर आप खाने के साथ कुछ चटपटा और अलग ट्राई करना चाहते हैं तो इस रेसिपी से अचार बना सकते हैं।





