बिजली का बिल सिर्फ AC या कूलर ज्यादा चलाने की वजह से नहीं बढ़ता है। घर में रोज होने वाली कुछ छोटी-छोटी आदतें भी धीरे-धीरे बिजली की खपत बढ़ाती रहती हैं, लेकिन ज्यादातर लोग उन पर ध्यान नहीं देते। हर महीने बिजली का बिल देखकर अगर आपको भी लगता है कि “इतनी बिजली हमने इस्तेमाल ही कब की?”, तो इसकी वजह सिर्फ AC, कूलर या बड़े इलेक्ट्रॉनिक सामान नहीं होते। रोजमर्रा की कुछ आसान आदतें बदलकर बिजली की खपत को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यहां जानिए ऐसे ही स्मार्ट और काम के तरीके, जो बिना ज्यादा मेहनत के आपके बिजली बिल को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं।

मोबाइल चार्जर प्लग में लगा छोड़ना
बहुत सारे लोग फोन निकाल लेते हैं, लेकिन चार्जर स्विच ऑन ही छोड़ देते हैं। इसे “Phantom Power” कहा जाता है। छोटे-छोटे उपकरण लगातार थोड़ी बिजली खींचते रहते हैं। इसलिए आपको यह आदत बदल लेनी चाहिए। चार्जिंग पूरी होने के बाद स्विच ऑफ करें।
फ्रिज को दीवार से चिपकाकर रखना
अगर आप भी फ्रिज को दीवार के चिपकाकर रखते हैं तो यह आदत भी बिजली का बिल बढ़ा सकती है। ऐसा करने से पीछे की गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती, जिससे कंप्रेसर ज्यादा मेहनत करता है। फ्रिज और दीवार के बीच थोड़ा गैप रखें ताकि एयर फ्लो बना रहे।
खाली कमरे में पंखा चलाना
बहुत सारे लोग मानते हैं कि पंखा कमरे को ठंडा करता है, जबकि पंखा शरीर को ठंडक महसूस कराता है। कमरे में कोई न हो तो पंखा सिर्फ बिजली खर्च करता है।
टीवी और सेट-टॉप बॉक्स को स्टैंड बाय मोड में छोड़ना
रिमोट से बंद करने पर भी कई डिवाइस हल्की बिजली लेते रहते हैं। इसलिए बेहतर उपाय यह है कि रात में मेन स्विच बंद करें।
AC के साथ पर्दे न लगाना
धूप सीधे कमरे में आने से AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। सूरज की गर्मी कमरे का तापमान तेजी से बढ़ाती है। इसलिए आपको एसी वाले कमरे में सही पर्दे लगाने चाहिए।
Khabar Monkey
पुराने रेगुलेटर वाले पंखे
पुराने कॉइल रेगुलेटर बिजली को गर्मी में बदलते हैं। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक रेगुलेटर या बीएलडीसी फैन इस्तेमाल करें।
रात में वाई-फाई राउटर बंद न करना
छोटा उपकरण लगने वाला राउटर भी 24 घंटे बिजली लेता है। अगर रातभर इंटरनेट की जरूरत नहीं होती, तो सोते समय बंद करना बिल थोड़ा कम कर सकता है।
वॉशिंग मशीन आधी भरकर चलाना
कम कपड़ों में भी मशीन लगभग उतनी ही बिजली और पानी इस्तेमाल करती है। इसलिए थोड़ी स्मार्ट आदत अपनाएं। कोशिश करें कि फुल लोड में मशीन चलाएं।
इंडक्शन पर छोटा बर्तन इस्तेमाल करना
अगर बर्तन का बेस छोटा हो तो हीट सही तरीके से ट्रांसफर नहीं होती है। इसकी वजह से ज्यादा समय लग सकता है और ज्यादा बिजली खर्च हो सकती है।
गर्म खाना सीधे फ्रिज में रखना
इससे फ्रिज का अंदरूनी तापमान अचानक बढ़ जाता है और कंप्रेसर तेजी से काम करता है। इसलिए खाना फ्रिज से निकालने के बाद खाना थोड़ा ठंडा होने दें, फिर फ्रिज में रखें।
दिन में जरूरत न होने पर भी सभी LED ऑन रखना
LED कम बिजली खाती हैं, लेकिन पूरे घर की कई लाइट्स मिलकर फर्क डालती हैं। इसलिए अपनी आदत बदलें। प्राकृतिक रोशनी का इस्तेमाल बढ़ाएं।
AC का तापमान बहुत कम रखना
18–20°C पर AC चलाने से बिजली तेजी से बढ़ती है। संतुलित तापमान रखें। 24–26°C अक्सर आरामदायक और बिजली बचाने वाला माना जाता है।
मल्टी-प्लग में बहुत सारे उपकरण लगाकर छोड़ना
कई उपकरण बंद होने के बाद भी बिजली लेते रहते हैं। थोड़ा स्मार्ट ट्रिक अपनाएं। स्वीच वाला स्पाइक गार्ड इस्तेमाल करें और जरूरत न होने पर ऑफ कर दें।
डिस्कलेमर: यह लेख सामान्य जानकारी और रोजमर्रा के घरेलू इस्तेमाल के आधार पर तैयार किया गया है। बिजली की खपत अलग-अलग उपकरणों, उनके इस्तेमाल के समय और घर की बिजली व्यवस्था पर निर्भर करती है।





