बाथरूम में लगे लकड़ी के दरवाजे जब खराब होने लगते हैं, तो इससे घर के लुक पर भी असर पड़ता है। बाथरूम में लगे लकड़ी के दरवाजे अक्सर ज्यादा नमी, भाप और पानी के लगातार संपर्क की वजह से सड़ने और गलने लगते हैं। लकड़ी पानी को आसानी से सोख लेती है, जिससे वह फूलने, कमजोर होने और अंदर से कमजोर होने लगती है। इसके अलावा दरवाजे पर सही वाटरप्रूफ पॉलिश या कोटिंग न हो, तो नमी तेजी से लकड़ी के अंदर पहुंच जाती है, जिससे सीलन और दीमक भी लगने लगते हैं।
Khabar Monkey

इस समस्या से परेशान होकर अक्सर लोग दरवाजा बदल देते हैं। लेकिन इसमें खर्च ज्यादा आता है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी और कुछ चीजों की मदद से आप दरवाजे को आसानी से सड़ने और गलने से बचा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे इसकी देख भाल करें।
वाटरप्रूफ पेंट या पॉलिश का इस्तेमाल
लकड़ी के दरवाजे को नमी और पानी से बचाने के लिए उस पर समय-समय पर वॉटरफ्रूफ पॉलिश, वार्निश या सीलेंट करवाना बहुत जरूरी होता है। यह लकड़ी की सतह पर एक सुरक्षा परत बना देती है, जिससे पानी सीधे लकड़ी के अंदर नहीं जा पाता। इसलिए हर 1 से 2 साल में नई कोटिंग करवाना फायदेमंद माना जाता है। खासकर दरवाजे के निचले हिस्से और किनारों पर अतिरिक्त कोटिंग करनी चाहिए, क्योंकि वहां सबसे ज्यादा पानी लगता है।
विनाइल फिल्म या स्टिकर
बाथरूम के लकड़ी के दरवाजे को नमी और पानी से बचाने के लिए उस पर वाटरप्रूफ विनाइल फिल्म या PVC स्टिकर लगवाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह दरवाजे की सतह पर एक सुरक्षात्मक परत बना देता है, जिससे पानी और भाप सीधे लकड़ी के संपर्क में नहीं आते। खासकर दरवाजे के निचले हिस्से और किनारों पर इसे लगाने से सड़न, फूलने और पॉलिश खराब होने की समस्या काफी कम हो जाती है। आजकल मार्केट में कई डिजाइन और वॉटरप्रूफ फिनिश वाले विनाइल स्टिकर आसानी से मिल जाते हैं, जो दरवाजे को मॉडर्न लुक देने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा भी बढ़ाते हैं।
दरवाजे के नीचे एल्युमीनियम या स्टील की पट्टी
बाथरूम के लकड़ी के दरवाजे के नीचे एल्युमीनियम या स्टील की पट्टी लगवाना उसे सड़ने और गलने से बचाने का बेहद असरदार तरीका माना जाता है। दरवाजे का निचला हिस्सा सबसे ज्यादा पानी, नमी और गीले फर्श के संपर्क में आता है, जिसकी वजह से वहीं से लकड़ी खराब होना शुरू होती है। एल्युमीनियम या स्टेनलेस स्टील की पट्टी लकड़ी और पानी के बीच एक मजबूत सुरक्षा परत का काम करती है।
मोम की कोटिंग
बाथरूम के लकड़ी के दरवाजे को नमी और पानी से बचाने के लिए मोम की कोटिंग करवाना एक आसान और असरदार उपाय माना जाता है। वैक्स की परत लकड़ी की सतह पर एक पतली सुरक्षा लेयर बना देती है, जिससे पानी सीधे लकड़ी के अंदर नहीं पहुंच पाता।
इन बातों का रखें ध्यान
इसके अलावा बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन या खिड़की जरूर लगवाना चाहिए, ताकि नमी बाहर निकल सके। नहाने के बाद कुछ समय तक दरवाजा खुला छोड़ दें, जिससे लकड़ी सूख जाए। दरवाजे के निचले हिस्से पर रबर स्ट्रिप या PVC कवर भी लगवा सकते हैं।





